ममता बनर्जी पर दिलीप घोष का तीखा तंज, बोले- 'न पार्टी बची, न पार्टी ऑफिस'
कोलकाता, 18 जून (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल सरकार के मंत्री दिलीप घोष ने कई अहम राजनीतिक मुद्दों पर प्रतिक्रिया दी। ममता बनर्जी द्वारा हॉकर्स को हटाए जाने के खिलाफ किए जा रहे विरोध प्रदर्शन पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा, "ममता बनर्जी की स्थिति ऐसी हो गई है कि न उनके पास पार्टी बची है और न ही पार्टी कार्यालय।"
उन्होंने दावा किया कि ममता बनर्जी से सब कुछ छिन गया है। अब हॉकर्स के मुद्दे को लेकर कुछ करने और सुर्खियों में बने रहने की यह उनकी आखिरी कोशिश है।
वहीं, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सांसद अभिषेक बनर्जी के बीच संभावित बैठक पर प्रतिक्रिया देते हुए दिलीप घोष ने कहा, "लोकसभा और विधानसभा की कार्यवाही तय नियमों के अनुसार चलती है और इसमें स्पीकर की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। स्पीकर को आवश्यकता पड़ने पर किसी भी सदस्य को बुलाने का अधिकार है।"
फुटबॉल के महान खिलाड़ी लियोनेल मेसी से जुड़े विवाद पर भी उन्होंने नाराजगी जताई। दिलीप घोष ने कहा कि मेसी जैसे विश्वप्रसिद्ध खिलाड़ी के साथ जिस तरह का व्यवहार किया गया और लोगों से करोड़ों रुपये इकट्ठा किए गए, लेकिन उन्हें मेसी को देखने तक का अवसर नहीं मिला, उससे बंगाल की छवि को नुकसान पहुंचा है।
उन्होंने कहा कि मामले की जांच चल रही है। मेसी के कार्यालय से एक ई-मेल मिला है, जिसमें कहा गया है कि वह इस मामले में किसी भी तरह से शामिल नहीं थे। उनके साथ केवल एक समझौता हुआ था।
ममता बनर्जी की सुरक्षा व्यवस्था में बदलाव के मुद्दे पर दिलीप घोष ने कहा कि जब ममता बनर्जी मुख्यमंत्री और गृह मंत्री थीं, तब वे स्वयं सुरक्षा व्यवस्था और अधिकारियों की तैनाती से जुड़े फैसले लेती थीं। अब सुरक्षा व्यवस्था का आकलन करना राज्य सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा, "अगर सुरक्षा में बदलाव हुआ है तो इतना हंगामा करने की क्या जरूरत है। हां, अगर उन्हें सुरक्षा नहीं चाहिए तो यह अलग बात है।"
उन्होंने आगे कहा कि बुधवार शाम के बाद से पूर्व मुख्यमंत्री के आवास पर पुलिस सुरक्षा तैनात नहीं है और वहां स्थित पुलिस चौकी भी पूरी तरह खाली कर दी गई है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   18 Jun 2026 10:20 AM IST












