ममता बनर्जी की 'हत्या की आशंका' पर विपक्ष सांसदों ने कहा-बिना इनपुट कोई इतनी बड़ी बात नहीं बोलता

ममता बनर्जी की हत्या की आशंका पर विपक्ष सांसदों ने कहा-बिना इनपुट कोई इतनी बड़ी बात नहीं बोलता
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा खुद की हत्या होने की आशंका का विपक्ष के सांसदों ने समर्थन किया है। विपक्ष के सांसदों ने कहा कि कुछ इनपुट होगा तभी ममता बनर्जी बोल रही है, ऐसे इतनी बड़ी बात कोई नहीं बोल सकता है।

नई दिल्ली, 30 मार्च (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा खुद की हत्या होने की आशंका का विपक्ष के सांसदों ने समर्थन किया है। विपक्ष के सांसदों ने कहा कि कुछ इनपुट होगा तभी ममता बनर्जी बोल रही है, ऐसे इतनी बड़ी बात कोई नहीं बोल सकता है।

तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सांसद कीर्ति आजाद ने इस मुद्दे पर चिंता जताते हुए कहा कि यह स्थिति बेहद खतरनाक है। उन्होंने आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि ममता बनर्जी पहले भी कई बार राजनीतिक हिंसा का सामना कर चुकी हैं, यहां तक कि वामपंथियों के खिलाफ संघर्ष के दौरान उन्हें गंभीर चोटें भी लगी थीं।

कीर्ति आजाद ने सवाल उठाया कि आखिर विपक्ष उनसे क्या चाहता है और क्या इस तरह के माहौल में उनकी सुरक्षा को खतरा नहीं है। ऐसे बयान किसी गंभीर साजिश की ओर इशारा कर सकते हैं।

वहीं समाजवादी पार्टी के सांसद राजीव कुमार राय ने ममता बनर्जी के बयान का समर्थन करते हुए कहा कि उन्होंने तो बहुत कम कहा है। देश में ऐसा माहौल बनाया जा रहा है, जहां लोगों को यह तक तय करने की आजादी नहीं है कि वे क्या खाएं, क्या पहनें, क्या बोलें या क्या लिखें। इस तरह के बयान खुद ही मौजूदा हालात की सच्चाई बयां करते हैं। उन्होंने कहा कि देश की वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए ममता बनर्जी के बयान को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि महाराष्ट्र में एक पूर्व उपमुख्यमंत्री के निधन पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं, जो दुर्भाग्यपूर्ण है। ऐसे में अगर कोई वरिष्ठ नेता चेतावनी दे रहा है, तो उसे हल्के में नहीं लेना चाहिए।

इसी क्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बयान पर भी राय ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि घुसपैठियों को लेकर बार-बार बयान दिए जाते हैं लेकिन सरकार ने अब तक इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार चुनावी भाषणों तक सीमित रह गई है और वास्तविक मुद्दों पर काम करने में विफल रही है।

कांग्रेस सांसद उज्ज्वल रमण सिंह ने भी ममता बनर्जी का समर्थन करते हुए कहा कि अगर उन्होंने इस तरह की बात कही है तो निश्चित रूप से उनके पास कोई इनपुट होगा। उन्होंने भाजपा पर देश में भ्रम फैलाने का आरोप लगाया और कहा कि जनता अब सब समझ चुकी है। उज्जवल रमण सिंह ने दावा किया कि पश्चिम बंगाल में एक बार फिर ममता बनर्जी की सरकार बनने जा रही है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   30 March 2026 2:01 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story