मणिपुर में सुरक्षा बलों की कार्रवाई, भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक बरामद, कई उग्रवादी गिरफ्तार

मणिपुर में सुरक्षा बलों की कार्रवाई, भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक बरामद, कई उग्रवादी गिरफ्तार
मणिपुर में पिछले 24 घंटे के दौरान कानून व्यवस्था की स्थिति सामान्य रही। इस बीच सुरक्षा बलों ने राज्य के संवेदनशील और सीमावर्ती इलाकों में तलाशी अभियान और क्षेत्र प्रभुत्व अभियान जारी रखते हुए कई महत्वपूर्ण सफलताएं हासिल की हैं।

इंफाल, 8 अगस्त (आईएएनएस)। मणिपुर में पिछले 24 घंटे के दौरान कानून व्यवस्था की स्थिति सामान्य रही। इस बीच सुरक्षा बलों ने राज्य के संवेदनशील और सीमावर्ती इलाकों में तलाशी अभियान और क्षेत्र प्रभुत्व अभियान जारी रखते हुए कई महत्वपूर्ण सफलताएं हासिल की हैं।

मणिपुर पुलिस द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार, 8 अगस्त को इम्फाल पूर्व जिले के नेपेट पाली स्थित खेमा आरक्षित वन क्षेत्र में वन बीट अधिकारी के कार्यालय के पास सुरक्षा बलों ने बड़े पैमाने पर हथियार, गोला-बारूद, संदिग्ध आईईडी और सैन्य उपकरण बरामद किए।

बरामद सामग्री में 4 पिस्टल (9 एमएम) और उनके मैगजीन, 2 सिंगल बैरल बंदूकें, लगभग 4.6 किलोग्राम वजनी 1 संदिग्ध आईईडी, 14 ग्रेनेड, विभिन्न बोर के 162 जिंदा कारतूस, 26 खाली खोखे, 2 मैगजीन, 2 स्टन शेल, 1 रबर बुलेट शामिल हैं।

इसके साथ ही बुलेटप्रूफ जैकेट कवर, आयरन प्लेट, संचार उपकरण और अन्य सैन्य सामग्री बरामद की गई है।

खुफिया जानकारी के आधार पर सुरक्षा बलों द्वारा चलाए गए तलाशी और घेराबंदी अभियान में कई उग्रवादी संगठनों के सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया गया।

7 अगस्त को काकचिंग जिले में सोरेपा संगठन के दो सक्रिय कैडरों को गिरफ्तार किया गया। उनकी पहचान मयांगलंबम निमाइचंद उर्फ पांगनबा मेइती (25) और मयांगलंबम खोइराबा उर्फ अचौबा मेइती (27) के रूप में हुई है।

इसके साथ ही, सात अगस्त को ही सुरक्षा बलों ने यूएनएलएफ (पी) के सदस्य अकोइजाम शंकर सिंघा (47) उर्फ चेप्टा उर्फ युमशांगबा को असम के सिलचर स्थित उसके आवास से गिरफ्तार किया। उस पर सिलचर और इंफाल के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग-37 पर ट्रक चालकों से रंगदारी वसूलने का आरोप है।

तेंगनौपाल जिले के मोरेह क्षेत्र से पीपुल्स रिवोल्यूशनरी पार्टी ऑफ कांगलेइपाक संगठन के दो कैडरों चिरोम प्रोफोलो सिंह (30) और मैबाम सदानंद (18) को गिरफ्तार किया गया।

वहीं, क्वाकेथेल मयाइकोइबी क्षेत्र में चलाए गए अभियान के दौरान आरपीएफ/पीएलए से जुड़े सक्रिय सदस्य खांगेम्बम सुभाष सिंह (54) उर्फ थानिल को गिरफ्तार किया गया। उस पर भी रंगदारी वसूली में शामिल होने का आरोप है।

पुलिस के अनुसार, 8 अगस्त को लामदेंग खुनौ क्षेत्र से केसीपी(अपुनबा) के सक्रिय सदस्य कोंसम बोबॉय सिंह (39) उर्फ बॉय को गिरफ्तार किया गया।

इसी तरह बिष्णुपुर जिले में केवाईकेएल संगठन के सक्रिय सदस्य और कथित रंगदारी वसूलने वाले नाओरेम प्रियोकुमार सिंह (37) उर्फ नाओबा को भी गिरफ्तार किया गया।

सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए मणिपुर के पहाड़ी और मैदानी क्षेत्रों में कुल 112 नाके और चेक पोस्ट स्थापित किए गए हैं। इन स्थानों पर वाहनों और संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी की जा रही है।

मणिपुर पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया पर फैलाए जा रहे भ्रामक वीडियो, ऑडियो क्लिप और फर्जी पोस्ट पर भरोसा नहीं करने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि किसी भी संदिग्ध सामग्री की सत्यता केंद्रीय नियंत्रण कक्ष के नंबर 9233522822 पर संपर्क कर जांची जा सकती है।

पुलिस ने चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया पर फर्जी सामग्री अपलोड करने या प्रसारित करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

साथ ही आम जनता से अपील की गई है कि यदि किसी के पास लूटे गए हथियार, गोला-बारूद या विस्फोटक सामग्री है तो उसे तुरंत पुलिस या नजदीकी सुरक्षा बलों के पास जमा कराया जाए।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   8 Aug 2026 11:47 PM IST

Tags

Next Story