मनसे का रेलवे को 15 दिन का अल्टीमेटम दादर-रत्नागिरी पैसेंजर न चली तो यूपी-बिहार ट्रेनें रोक देंगे
मुंबई, 24 मार्च (आईएएनएस)। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) ने रेलवे प्रशासन को सख्त चेतावनी देते हुए 15 दिन का अल्टीमेटम दिया है। पार्टी ने कहा है कि अगर मुंबई के दादर से रत्नागिरी जाने वाली पैसेंजर ट्रेन को फिर से दादर तक नहीं चलाया गया तो उत्तर प्रदेश और बिहार जाने वाली एक्सप्रेस ट्रेनों को रोक दिया जाएगा।
मनसे के नेताओं ने मंगलवार को मुंबई में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर यह ऐलान किया। उन्होंने कहा कि दादर-रत्नागिरी पैसेंजर ट्रेन पहले दादर से सीधे रत्नागिरी तक चलती थी, जिससे कोंकण क्षेत्र के लाखों यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलती थी। लेकिन कोरोना काल में इसे अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया था। बाद में ट्रेन शुरू हुई, परंतु इसे दादर तक बहाल नहीं किया गया, और अब इसे ठाणे जिले के दिवा स्टेशन तक सीमित कर दिया गया है।
इस फैसले से कोंकणवासियों को भारी परेशानी हो रही है। यात्रियों को अब दादर के बजाय पहले दिवा जाना पड़ता है, फिर वहां से ट्रेन पकड़नी पड़ती है। मनसे का आरोप है कि रेलवे ने बिना पर्याप्त कारण बताए यह बदलाव किया और बार-बार की गई मांगों को नजरअंदाज किया गया।
मनसे नेता संदीप देशपांडे ने कहा, “अगर 15-20 दिनों के अंदर दादर-रत्नागिरी पैसेंजर ट्रेन को मूल रूप से दादर से शुरू नहीं किया गया तो हम यूपी और बिहार जाने वाली सभी एक्सप्रेस ट्रेनों को रोकने के लिए मजबूर होंगे।” पार्टी ने चेतावनी दी कि यह आंदोलन कोंकण के लोगों के हक की लड़ाई है और इसे किसी भी कीमत पर जारी रखा जाएगा।
वर्तमान में दादर-रत्नागिरी पैसेंजर ट्रेन का स्लॉट दादर-गोरखपुर एक्सप्रेस को स्थायी रूप से दे दिया गया है, जिससे विवाद और बढ़ गया है। कोंकण यात्रियों का कहना है कि रेलवे उत्तर भारतीय यात्रियों को प्राथमिकता दे रही है और स्थानीय लोगों की सुविधाओं को नजरअंदाज कर रही है।
मनसे का यह रुख एक बार फिर उत्तर भारतीयों और हिंदी भाषा के मुद्दे को केंद्र में ला रहा है। पार्टी प्रमुख राज ठाकरे के नेतृत्व में मनसे लंबे समय से 'महाराष्ट्र मराठी माणसों का' का नारा देती आई है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   24 March 2026 10:55 PM IST











