यूपी मंत्री दानिश आजाद अंसारी का दावा, बंगाल में भाजपा की सरकार बनना तय
लखनऊ, 31 मार्च (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में अगली सरकार बनाने का दावा तेज होते ही समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ममता बनर्जी के पक्ष में खुलकर समर्थन जताया है। अखिलेश ने कहा कि ममता बनर्जी एक बार फिर पश्चिम बंगाल में सरकार बनाएंगी। सपा प्रमुख के इस बयान पर उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने पलटवार किया है।
समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने दावा किया है कि पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव में ममता बनर्जी चुनाव जीतेगी। वह चौथी बार सीएम बनेंगी और भाजपा को करारी हार का सामना करना पड़ेगा। सरकार बनाने का भाजपा का दावा फेल हो जाएगा।
लखनऊ में आईएएनएस से बातचीत में मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने कहा कि इस बार पश्चिम बंगाल की जनता ने बदलाव का माहौल बना दिया है। जिस तरह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैलियों में पश्चिम बंगाल में भारी भीड़ उमड़ रही है, और जिस तरह भारतीय जनता पार्टी को जनता का समर्थन मिल रहा है, वह यह दिखाने के लिए काफी है कि इस बार पश्चिम बंगाल में बदलाव की लहर है। वहां पर निश्चित तौर पर भाजपा की सरकार बनेगी।
उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की टीएमसी सरकार पूरी तरह से जनता विरोधी है। ममता की सरकार ने बंगाल के विकास में रूकावट पैदा की है। बंगाल की जनता के साथ सौतेला बर्ताव किया। यह कहीं से भी स्वीकार नहीं किया जा सकता है।
मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने दावा किया कि जनता चुनाव में ममता बनर्जी की सरकार को करारा जवाब देगी।
दूसरी ओर भाजपा के प्रतिनिधिमंडल ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ चुनाव आयोग से शिकायत की है। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू, केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार और केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने भाजपा प्रतिनिधिमंडल के साथ दिल्ली में चुनाव आयोग से मुलाकात की और याचिका सौंपी।
भाजपा के प्रतिनिधिमंडल ने आयोग से अपील की है कि पश्चिम बंगाल में चुनाव स्वतंत्र और निष्पक्ष होना चाहिए। पिछले तीन चुनावों में तृणमूल कांग्रेस ने दादागिरी करके जीत हासिल की। इस बार ऐसा नहीं होना चाहिए, क्योंकि चुनाव लोगों को अपनी मर्जी से मतदान करने का एक अवसर होता है। लोकतंत्र में वोट एक मतदाता का अधिकार होता है; उसे कोई नहीं छीन सकता है। चुनाव आयोग को मतदाता के वोट को सुरक्षित करना चाहिए।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   31 March 2026 11:08 PM IST












