मराठी भाषा विवाद पर बोले कृपाशंकर सिंह- अगले साल एक मई को उत्तर भारतीय टैक्सी और रिक्शा चालक गाएंगे महाराष्ट्र गीत
मुंबई, 1 मई (आईएएनएस)। मुंबई में मराठी भाषा को लेकर जारी बहस के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। उत्तर भारतीय टैक्सी और रिक्शा चालकों द्वारा अगले साल, यानी 2027 में, पहली मई को महाराष्ट्र गीत गाने की घोषणा के बीच कृपाशंकर सिंह ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा दिया गया यह “चैलेंज” उन्हें स्वीकार है।
उन्होंने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत के दौरान मराठी भाषा को बेहद प्यारी बताते हुए कहा कि उसका सम्मान हमेशा किया गया है और आगे भी किया जाएगा। कृपाशंकर सिंह ने यह भी कहा कि महाराष्ट्र की अस्मिता की रक्षा के लिए उत्तर भारतीय समाज हमेशा आगे रहेगा।
उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति को जहां वह रहता है, वहां की भाषा सीखनी चाहिए, अन्यथा यह उसके लिए नुकसानदायक हो सकता है। उनके अनुसार, मराठी न जानना स्वयं उनके लिए भी एक कमी है।
उन्होंने हिंदी, मराठी और भारतीय संस्कृति को आपस में जुड़ी हुई बताते हुए कहा कि ये तीनों 'सगी बहनें' हैं, जिन्हें एक-दूसरे के पूरक के रूप में देखा जाना चाहिए।
इसी मुद्दे पर कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि मराठी महाराष्ट्र की मूल भाषा है और किसी भी व्यक्ति का यह कर्तव्य है कि वह जहां रहता है, वहां की स्थानीय भाषा से परिचित हो। उन्होंने इस मुद्दे को राजनीतिक रंग देने से बचने की सलाह देते हुए कहा कि राज्य में बड़ी संख्या में लोग मराठी बोलते हैं और सम्मान के तौर पर सभी को इसे सीखने और बोलने का प्रयास करना चाहिए।
महाराष्ट्र में ऑटो और टैक्सी चालकों के लिए मराठी भाषा को अनिवार्य बनाने के प्रस्ताव को लेकर जारी यह बहस अब सामाजिक और राजनीतिक दोनों स्तरों पर चर्चा का विषय बन गई है, जिसमें भाषा, पहचान और स्थानीय संस्कृति के सम्मान जैसे मुद्दे प्रमुख रूप से उभरकर सामने आ रहे हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   1 May 2026 9:34 PM IST












