मथुरा में फरसा वाले बाबा की मौत के बाद तनाव, पुलिस ने अफवाहों पर लगाया विराम

मथुरा में फरसा वाले बाबा की मौत के बाद तनाव, पुलिस ने अफवाहों पर लगाया विराम
उत्तर प्रदेश के मथुरा में प्रसिद्ध गौरक्षक संत चंद्रशेखर उर्फ 'फरसा वाले बाबा' की सड़क हादसे में मौत के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई है। घटना के बाद प्रशासन अलर्ट मोड पर है, जबकि इस मामले को लेकर सियासी बयानबाजी भी तेज हो गई है। इसी बीच, मथुरा पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के जरिए अफवाहों पर विराम लगाया है।

मथुरा, 21 मार्च (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मथुरा में प्रसिद्ध गौरक्षक संत चंद्रशेखर उर्फ 'फरसा वाले बाबा' की सड़क हादसे में मौत के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई है। घटना के बाद प्रशासन अलर्ट मोड पर है, जबकि इस मामले को लेकर सियासी बयानबाजी भी तेज हो गई है। इसी बीच, मथुरा पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के जरिए अफवाहों पर विराम लगाया है।

मथुरा पुलिस के अनुसार, शनिवार सुबह थाना कोसीकलां क्षेत्र में घने कोहरे के चलते एक सड़क दुर्घटना हुई, जिसमें संत चंद्रशेखर उर्फ 'फरसा बाबा' की दुर्भाग्यपूर्ण मृत्यु हो गई। पुलिस की जांच में सामने आया है कि जिस कंटेनर को फरसा बाबा ने रोका था, उसमें किराने का सामान लदा हुआ था। वहीं, पीछे से टक्कर मारने वाले ट्रक में तार (वायर) ले जाए जा रहे थे। पुलिस ने यह साफ किया कि इस घटना का गौकशी या गोवंश तस्करी से कोई संबंध नहीं है।

इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर कई तरह की भ्रामक खबरें वायरल होने लगीं, जिनमें इसे गोतस्करी से जोड़कर पेश किया गया। इन अफवाहों के चलते इलाके में तनाव का माहौल बन गया। मथुरा पुलिस ने अपने बयान में कहा है कि सोशल मीडिया पर चल रही ऐसी खबरें पूरी तरह असत्य और भ्रामक हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे बिना पुष्टि के किसी भी जानकारी को फेसबुक, एक्स या इंस्टाग्राम पर साझा न करें। साथ ही, चेतावनी दी गई है कि अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने आगे बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना कोसीकलां में सड़क दुर्घटना का मुकदमा दर्ज किया जा रहा है और मामले की जांच जारी है।

इन सब के बीच, प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। मुख्यमंत्री ने जवाबदेही और कानून के पालन के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया है। उन्होंने कहा कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   21 March 2026 10:10 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story