मथुरा नाव हादसा राजा वारिंग ने जताया शोक, पंजाब सरकार से पीड़ितों के लिए मुआवजे की मांग की

मथुरा नाव हादसा राजा वारिंग ने जताया शोक, पंजाब सरकार से पीड़ितों के लिए मुआवजे की मांग की
उत्तर प्रदेश के मथुरा में यमुना नदी में हुए नाव हादसे पर पंजाब कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वारिंग ने शोक जताया है। उन्होंने पंजाब सरकार से लोगों को मुआवजा देने की मांग की है।

चंडीगढ़, 11 अप्रैल (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मथुरा में यमुना नदी में हुए नाव हादसे पर पंजाब कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वारिंग ने शोक जताया है। उन्होंने पंजाब सरकार से लोगों को मुआवजा देने की मांग की है।

पंजाब कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वारिंग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "वृंदावन में हुए उस दुखद नाव हादसे से मेरा दिल टूट गया है, जिसने पंजाब के लोगों सहित कई बेकसूर जानें छीन लीं। इस क्षति से उपजे दर्द और दुख को बयां करने के लिए शब्द कम पड़ जाते हैं। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। मैं पंजाब सरकार से आग्रह करता हूं कि वे प्रभावित सभी लोगों के लिए पर्याप्त मुआवजा और तत्काल सहायता सुनिश्चित करें।"

उन्होंने लिखा कि मैं प्रार्थना करता हूं कि परिवारों को इस दुख को सहने की शक्ति मिले और दिवंगत आत्माओं को शांति मिले।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार हादसे में लापता लोगों की तलाश में 200 से ज्यादा गोताखोर जुटे हुए हैं। शुक्रवार शाम से ही सेना भी बचाव अभियान में शामिल है। अधिकारियों का कहना है कि यमुना नदी का बहाव तेज होने की वजह से लोगों के दूर तक बहने की आशंका है। बचाव टीम के सदस्य 15 किलोमीटर तक के दायरे में लापता लोगों की तलाश कर रहे हैं।

बता दें कि यह हादसा शुक्रवार दोपहर वृंदावन के केसी घाट पर हुआ था, जब श्रद्धालुओं से भरी एक नाव अचानक पलट गई। देखते ही देखते खुशी का माहौल मातम में बदल गया। अब तक इस हादसे में 11 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। सबसे दुखद बात यह है कि जान गंवाने वालों में लुधियाना का एक ही परिवार शामिल है, जिसने अपने सात सदस्यों को इस हादसे में खो दिया।

वहीं, अब तक 20 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है, जिसमें कुछ लोगों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है लेकिन अभी भी कुछ लोग लापता बताए जा रहे हैं। उनकी तलाश के लिए लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। सेना, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर मौजूद हैं और पूरी ताकत के साथ राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। इसके अलावा स्थानीय गोताखोरों की भी मदद ली जा रही है ताकि जल्द से जल्द लापता लोगों का पता लगाया जा सके।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   11 April 2026 3:08 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story