मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों के बीच देश की अर्थव्यवस्था मजबूत करना समय की जरूरत एक्सपर्ट

मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों के बीच देश की अर्थव्यवस्था मजबूत करना समय की जरूरत एक्सपर्ट
सरकार द्वारा चीनी के निर्यात पर 30 सितंबर 2026 तक अस्थायी रोक लगाए जाने के फैसले का बिसवां चीनी मिल समिति के चेयरमैन सुधाकर शुक्ला ने समर्थन किया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील की सराहना करते हुए कहा कि मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों और युद्ध जैसे हालात को देखते हुए देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाना बेहद जरूरी है।

सीतापुर, 14 मई (आईएएनएस)। सरकार द्वारा चीनी के निर्यात पर 30 सितंबर 2026 तक अस्थायी रोक लगाए जाने के फैसले का बिसवां चीनी मिल समिति के चेयरमैन सुधाकर शुक्ला ने समर्थन किया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील की सराहना करते हुए कहा कि मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों और युद्ध जैसे हालात को देखते हुए देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाना बेहद जरूरी है।

समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए सुधाकर शुक्ला ने कहा कि पूरी दुनिया इस समय आर्थिक संकट के दौर से गुजर रही है, लेकिन भारत की स्थिति अभी स्थिर और मजबूत है। उन्होंने कहा कि यदि देश की आर्थिक स्थिति मजबूत रहेगी तो विकास की रफ्तार भी बनी रहेगी।

शुक्ला ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से जो अपील की है, उसका उद्देश्य भारत को आर्थिक रूप से और अधिक मजबूत बनाना है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा चीनी निर्यात पर अस्थायी रोक लगाने का फैसला भी इसी दिशा में उठाया गया कदम है।

उन्होंने कहा कि सितंबर 2026 तक चीनी निर्यात पर रोक लगाने के पीछे भविष्य की ऊर्जा जरूरतों और एथेनॉल उत्पादन को बढ़ावा देने की योजना भी जुड़ी हुई है। उनका कहना था कि एथेनॉल का अधिक उत्पादन होने से पेट्रोल और डीजल की खपत कम की जा सकेगी, जिससे देश ऊर्जा के मामले में आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ेगा।

बिसवां चीनी मिल समिति के चेयरमैन ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि सभी नागरिकों को पेट्रोल और डीजल की बचत में सहयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जहां जरूरी न हो वहां वाहनों का कम इस्तेमाल करें और ईंधन की खपत को सीमित रखें।

उन्होंने प्रधानमंत्री की उस अपील का भी समर्थन किया, जिसमें लोगों से फिलहाल सोना खरीदने से बचने की सलाह दी गई है। सुधाकर शुक्ला ने कहा कि अगर देशवासी इन बातों का पालन करेंगे तो इससे भारत की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और आम लोगों का भी भविष्य सुरक्षित होगा।

शुक्ला ने कहा कि वैश्विक तनावों के बावजूद देश में फिलहाल किसी प्रकार का संकट नहीं है और हालात सामान्य बने हुए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार लगातार ऐसे कदम उठा रही है, जिससे देश की अर्थव्यवस्था मजबूत बनी रहे और आने वाले समय में भारत आत्मनिर्भरता की दिशा में और तेजी से आगे बढ़ सके।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   14 May 2026 8:08 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story