मेरठ लाठीचार्ज मामले में एनएचआरसी ने यूपी के डीजीपी और गृह सचिव से 15 दिन में मांगी रिपोर्ट

मेरठ लाठीचार्ज मामले में एनएचआरसी ने यूपी के डीजीपी और गृह सचिव से 15 दिन में मांगी रिपोर्ट
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने उत्तर प्रदेश के मेरठ में पुलिस लाठीचार्ज और हिरासत में मारपीट के मामले को गंभीरता से लेते हुए उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) और गृह सचिव को नोटिस जारी किया है। आयोग ने दोनों अधिकारियों से 15 दिनों के भीतर एक्शन टेकन रिपोर्ट (एटीआर) मांगी है।

नई दिल्ली, 10 जुलाई (आईएएनएस)। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने उत्तर प्रदेश के मेरठ में पुलिस लाठीचार्ज और हिरासत में मारपीट के मामले को गंभीरता से लेते हुए उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) और गृह सचिव को नोटिस जारी किया है। आयोग ने दोनों अधिकारियों से 15 दिनों के भीतर एक्शन टेकन रिपोर्ट (एटीआर) मांगी है।

यह कार्रवाई प्राप्त शिकायत के आधार पर की गई है। शिकायत डॉ. अंबेडकर जन कल्याण समिति, भोपाल की ओर से आयोग को भेजी गई थी। शिकायत पर विचार करने के बाद राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के सदस्य प्रियंक कानूनगो की अध्यक्षता वाली पीठ ने मानवाधिकार संरक्षण अधिनियम, 1993 की धारा 12 के तहत मामले का संज्ञान लिया।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि मेरठ में ललिता गौतम हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर आयोजित शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान स्थानीय पुलिस ने बिना किसी उकसावे के प्रदर्शनकारियों पर बेरहमी से लाठीचार्ज किया। आरोप है कि इस कार्रवाई में कई प्रदर्शनकारियों को गंभीर शारीरिक चोटें आईं।

शिकायतकर्ता ने यह भी दावा किया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में वरिष्ठ पुलिस अधिकारी हिरासत में लिए गए निहत्थे लोगों की बेरहमी से पिटाई करते हुए दिखाई दे रहे हैं।

शिकायत में आयोग से मांग की गई कि इस पूरे मामले की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही वायरल वीडियो की सत्यता की जांच कर संबंधित पुलिस अधिकारियों की व्यक्तिगत जिम्मेदारी तय की जाए। इसके अलावा घायल प्रदर्शनकारियों को तत्काल चिकित्सा सुविधा, पुनर्वास और कानून के अनुसार आर्थिक मुआवजा देने की भी मांग की गई है। दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ आपराधिक और विभागीय कार्रवाई करने की भी अपील की गई है।

एनएचआरसी ने आदेश में कहा है कि शिकायत में लगाए गए आरोप पहली नजर में मानवाधिकारों के उल्लंघन का मामला प्रतीत होते हैं। इसी आधार पर आयोग ने उत्तर प्रदेश के गृह सचिव और डीजीपी को नोटिस जारी कर 15 दिनों के भीतर विस्तृत एक्शन टेकन रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है।

आयोग ने उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव को भी इस मामले की प्रति भेजते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है। साथ ही निर्देश दिया गया है कि मामले से संबंधित रिपोर्ट आयोग को ई-मेल के माध्यम से भी भेजी जाए।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   10 July 2026 1:12 PM IST

Tags

Next Story