मेंस एशिया कप राइजिंग स्टार्स भारत-ए ने गंवाया फाइनल का टिकट; लसिथ-सिनेथ के शतक, श्रीलंका-ए की 8 विकेट से जीत

दोहा, 26 नवंबर (आईएएनएस)। एसीसी मेंस एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 में भारत-ए ने फाइनल में पहुंचने का मौका गंवा दिया। 318 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका-ए ने सलामी जोड़ी (लसिथ क्रॉस्पुल और सिनेथ जयवर्धने) की शतकीय पारियों की मदद से 41.3 ओवरों में 8 विकेट शेष रहते मैच अपने नाम कर लिया।
अब फाइनल में श्रीलंकाई टीम का सामना सेमीफाइनल-2 (पाकिस्तान-ए बनाम बांग्लादेश-ए) की विजेता टीम से होगा। सेमीफाइनल-2 शनिवार को दोहा के इसी मैदान पर खेला जाना है।
टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने निर्धारित ओवरों में 8 विकेट खोकर 317 रन बनाए। वैभव सूर्यवंशी और अभिषेक शर्मा ने पहले विकेट के लिए 48 गेंदों में ताबड़तोड़ 80 रन जड़े। वैभव 27 गेंदों में 40 रन बनाकर आउट हुए, जिसमें 3 छक्के और 4 चौके शामिल रहे।
यहां से कप्तान तिलक वर्मा ने मोर्चा संभाला। उन्होंने अभिषेक शर्मा के साथ दूसरे विकेट के लिए 83 गेंदों में 79 रन जुटाकर टीम को 159 के स्कोर तक पहुंचा दिया। अभिषेक 63 गेंदों में 12 बाउंड्री की मदद से 78 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
तीसरे विकेट के लिए तिलक वर्मा (53 रन) ने कुमार कुशाग्र (21) के साथ 38 रन जोड़े। भारतीय टीम ने 235 के स्कोर तक अपना छठा विकेट खो दिया था, जिसके बाद शाहबाज अहमद (नाबाद 54) ने तनुष कोटियान (28) के साथ सातवें विकेट के लिए 55 गेंदों में 73 रन की साझेदारी करते हुए टीम को तिहरे शतक के पार पहुंचा दिया।
श्रीलंका की तरफ से रविंदु फर्नांडो, जनिथ लियानागे और निपुण धनंजय ने 2-2 निकाले, जबकि गरुका संकेथ और लाहिरू समरकून को 1-1 विकेट हाथ लगा।
इसके जवाब में लसिथ क्रूसपुले ने सिनेथ जयवर्धने के साथ पहले विकेट के लिए 21.3 ओवरों में 174 रन की साझेदारी की। सिनेथ 70 गेंदों में 6 छक्कों और 10 चौकों की मदद से 105 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद क्रूसपुले ने निशान मदुश्का के साथ दूसरे विकेट के लिए 83 गेंदों में 91 रन जोड़कर टीम को जीत के करीब पहुंचा दिया।
श्रीलंकाई टीम को 265 के स्कोर पर दूसरा झटका लगा। क्रूसपुले 107 गेंदों में 116 रन बनाकर आउट हुए, जिसमें 3 छक्के और 12 चौके शामिल रहे। यहां से निशान मदुश्का (नाबाद 58) ने पवन रत्नायके (नाबाद 31) के साथ तीसरे विकेट के लिए 37 गेंदों में 53 रन की अटूट साझेदारी करते हुए टीम को आसान जीत दिलाई। भारतीय खेमे से हर्षित राणा और शाहबाज अहमद को 1-1 विकेट लगा।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
