ईयर एंडर 2026 महंगाई, मणिपुर, टीवीके के उभार और वैश्विक बदलावों ने 2026 में बढ़ाई मोदी सरकार की मुश्किलें

ईयर एंडर 2026 महंगाई, मणिपुर, टीवीके के उभार और वैश्विक बदलावों ने 2026 में बढ़ाई मोदी सरकार की मुश्किलें
वर्ष 2026 को मोदी सरकार के लिए केवल उपलब्धियों का नहीं, बल्कि चुनौतियों और राजनीतिक कसौटियों का वर्ष भी कहा जा सकता है। महंगाई, आर्थिक दबाव, आंतरिक सुरक्षा, विदेश नीति और क्षेत्रीय राजनीति के अलग-अलग मोर्चों पर सरकार को संतुलन बनाने की जरूरत पड़ी।

नई दिल्ली, 26 नवंबर (आईएएनएस)। वर्ष 2026 को मोदी सरकार के लिए केवल उपलब्धियों का नहीं, बल्कि चुनौतियों और राजनीतिक कसौटियों का वर्ष भी कहा जा सकता है। महंगाई, आर्थिक दबाव, आंतरिक सुरक्षा, विदेश नीति और क्षेत्रीय राजनीति के अलग-अलग मोर्चों पर सरकार को संतुलन बनाने की जरूरत पड़ी।

कह सकते हैं क‍ि वर्ष 2026 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र की एनडीए सरकार के लिए कई चुनौतियों से भरा रहा। एक तरफ देश में महंगाई और रुपए की कमजोरी ने आर्थिक मोर्चे पर सरकार की चिंता बढ़ाई तो दूसरी तरफ मणिपुर में शांति बहाली का सवाल अब भी पूरी तरह हल नहीं हो सका। वहीं, घरेलू राजनीति में तमिलनाडु में अभिनेता विजय की पार्टी टीवीके भी भारतीय जनता पार्टी के लिए एक नई राजनीतिक चुनौती के रूप में सामने आई।

इसके साथ ही अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी भारत के सामने नई परिस्थितियां बनीं। अमेरिका में मध्यावधि चुनाव के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की राजनीतिक स्थिति और अमेरिकी राजनीति के बदले समीकरणों ने भारत-अमेरिका संबंधों के भविष्य को लेकर नए सवाल खड़े किए।

मोदी सरकार के सामने 2026 की सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक महंगाई रही। इसका सीधा असर आम लोगों के घरेलू बजट पर पड़ा। खाद्य पदार्थों, रोजमर्रा की जरूरतों और परिवहन से जुड़ी लागत में बढ़ोतरी ने परिवारों की आर्थिक मुश्किलें बढ़ाईं। अक्टूबर में खुदरा महंगाई दर बढ़कर 6.09 प्रतिशत पहुंच गई, जो भारतीय रिजर्व बैंक की 6 प्रतिशत की ऊपरी सहनशीलता सीमा से भी अधिक है। खाद्य महंगाई दर 8.94 प्रतिशत दर्ज की गई।

2026 में भारतीय रुपए का टूटना सरकार के ल‍िए सबसे बड़ी चुनौती रही। 2026 के दौरान डॉलर के मुकाबले रुपया 97 के करीब तक पहुंच गया। साल के शुरुआती महीनों में आई गिरावट ने अर्थव्यवस्था के सामने विदेशी मुद्रा बाजार की अस्थिरता का सवाल खड़ा किया। भारतीय रुपए की कमजोरी ने सरकार और रिजर्व बैंक की चिंता बढ़ाई। रुपये की कमजोरी का असर भारत के आयात बिल, कच्चे तेल की खरीद, इलेक्ट्रॉनिक सामान और विदेशों से आने वाली दूसरी वस्तुओं की लागत पर पड़ता है। भारत अपनी ऊर्जा जरूरतों का बड़ा हिस्सा आयात करता है। ऐसे में डॉलर महंगा होने से तेल कंपनियों की लागत बढ़ती है, हालांक‍ि नवंबर में कुछ सुधार भी देखने को म‍िले। रिजर्व बैंक के हस्तक्षेप, विदेशी निवेशकों की वापसी और डॉलर की मांग पर नियंत्रण से रुपए को सहारा मिला। नवंबर में भारतीय मुद्रा आठ महीने के मजबूत स्तर पर पहुंची और डॉलर के मुकाबले 92.24 पर बंद हुई।

इसके अलावा मोदी सरकार की 2026 की चुनौत‍ियों में मणिपुर का मुद्दा भी शा‍म‍िल रहा। मई 2023 में मैतेई और कुकी समुदायों के बीच शुरू हुई जातीय हिंसा के बाद राज्य में सामान्य स्थिति बहाल करने की कोशिशें जारी हैं, लेकिन 2026 में भी स्थायी शांति का रास्ता आसान नहीं हुआ। शांति बहाल करने और लोगों की सुरक्षा के नाम पर, केंद्र सरकार राज्य में ज्‍यादा से ज्‍यादा सशस्त्र सुरक्षा बल तैनात कर रही है, हालांकि इससे कोई सुरक्षित और महफूज माहौल नहीं बन पाया है।

राज्य में राष्ट्रपति शासन के बाद राजनीतिक व्यवस्था में बदलाव और नई सरकार के गठन से शांति की उम्मीदें जरूर बढ़ीं, लेकिन जमीन पर चुनौतियां बरकरार हैं। नवंबर में भी हिंसा और हत्याओं की घटनाएं सामने आईं। राज्‍य में बड़ी संख्या में लोग राहत शिविरों में रहने को मजबूर हैं।

मणिपुर में स्थायी शांति स्थापित करना सरकार के लिए इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि पूर्वोत्तर भारत की रणनीतिक स्थिति और सीमा सुरक्षा के लिहाज से यह क्षेत्र बेहद अहम है। प्रधानमंत्री मोदी और केंद्र सरकार के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह है कि राज्य में ऐसा माहौल बनाया जाए, जहां सभी समुदायों को सुरक्षा और न्याय का भरोसा मिले।

वहीं, दक्षिण भारत की राजनीति में भी मोदी सरकार के सामने दक्षिण भारत की राजनीति में विजय की टीवीके बड़ी चुनौती के रूप में सामने आई। 2026 में तमिलनाडु में बड़ा बदलाव देखने को मिला। अभिनेता से राजनेता बने विजय की पार्टी तमिलगा वेट्री कझगम (टीवीके) ने राज्य की पारंपरिक राजनीति को बड़ा झटका दिया। इसके बाद कांग्रेस और अन्य सहयोगियों के समर्थन से विजय ने सरकार बनाई।

तमिलनाडु में टीवीके की जीत बीजेपी के लिए एक महत्वपूर्ण चुनौती के रूप में रही, क्योंकि तमिलनाडु में पार्टी लंबे समय से अपना राजनीतिक आधार मजबूत करने की कोशिश कर रही है। टीवीके का मजबूत होना राज्य में बीजेपी के विस्तार की संभावनाओं और विपक्षी राजनीति के समीकरणों को प्रभावित कर सकता है। राष्ट्रीय गठबंधन और तमिलनाडु की स्थानीय राजनीति के समीकरण अलग-अलग हैं, लेकिन विजय की बढ़ती राजनीतिक भूमिका ने बीजेपी के लिए नई चुनौती जरूर खड़ी की है।

इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय राजनीति में भी साल 2026 में मोदी सरकार के ल‍िए काफी चुनौत‍ियां रहीं। ट्रंप प्रशासन की नीतियों ने भारत के लिए कई बार कूटनीतिक और आर्थिक चुनौतियां पैदा कीं। पिछले कुछ समय में व्यापार शुल्क, रूसी तेल की खरीद और रणनीतिक मुद्दों को लेकर दोनों देशों के बीच मतभेद सामने आए थे। अब अमेरिकी मिडटर्म चुनाव में डेमोक्रेट्स की जीत का असर भारत-अमेरिका संबंधों पर भी पड़ सकता है।

अमेरिका में हुए मिडटर्म चुनावों में डेमोक्रेटिक पार्टी ने सीनेट और हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स दोनों में बहुमत हासिल कर लिया है। सीनेट में डेमोक्रेट्स ने नॉर्थ कैरोलिना, टेक्सास, ओहायो, कंसास और साउथ कैरोलिना जैसे राज्यों में जीत दर्ज करते हुए रिपब्लिकन पार्टी से नियंत्रण छीन लिया। ट्रंप की राजनीतिक स्थिति कमजोर होने के बाद वाशिंगटन की विदेश नीति में क्या बदलाव आता है, यह आने वाले समय में भारत की कूटनीति के लिए अहम होगा।

हालांकि इसका मतलब यह नहीं है कि अमेरिका की भारत नीति तत्काल बदल जाएगी। भारत-अमेरिका संबंधों को दोनों देशों में व्यापक राजनीतिक समर्थन हासिल है, लेकिन बदले हुए राजनीतिक समीकरणों में भारत को अपनी रणनीति नए सिरे से संतुलित करनी पड़ सकती है।

2026 की इन चुनौतियों के बीच मोदी सरकार के सामने सबसे बड़ी जरूरत आर्थिक स्थिरता बनाए रखने, आम लोगों को महंगाई से राहत देने, मणिपुर में स्थायी शांति स्थापित करने और बदलते वैश्विक राजनीतिक माहौल में भारत के हितों की रक्षा करने की रही।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story