मेट्रो पोस्टर कांड लश्कर-ए-तैयबा के हैंडलर शब्बीर अहमद लोन को 7 दिन की न्यायिक हिरासत
नई दिल्ली, 4 अप्रैल (आईएएनएस)। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) के आतंकवादी और मेट्रो पोस्टर मामले से जुड़े हाल ही में पकड़े गए मॉड्यूल के संचालक शब्बीर अहमद लोन को अदालत में पेश किया है। आतंकी शब्बीर अहमद लोन की पांच दिन की पुलिस कस्टडी पूरी होने के बाद शनिवार को उसे पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया गया, जहां अदालत ने उसे सात दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया।
पुलिस के मुताबिक, शब्बीर अहमद लोन उसी मॉड्यूल का हैंडलर था, जिसमें पहले आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इन आठ आरोपियों में सात बांग्लादेशी नागरिक और एक भारतीय शामिल था। जांच एजेंसियों का मानना है कि यह मॉड्यूल संगठित तरीके से देश में आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने की साजिश में जुटा था।
स्पेशल सेल की जांच में यह भी सामने आया है कि हाल ही में सामने आए मेट्रो पोस्टर मामले में भी शब्बीर अहमद लोन की भूमिका संदिग्ध रही है। इसी कड़ी में उसे गिरफ्तार कर पूछताछ की गई थी। पुलिस कस्टडी के दौरान उससे कई महत्वपूर्ण जानकारियां जुटाई गई हैं, जिनके आधार पर आगे की जांच को दिशा मिल रही है।
अदालत में पेशी के दौरान जांच एजेंसी ने बताया कि पूछताछ में आरोपी से मॉड्यूल के नेटवर्क, फंडिंग और अन्य साथियों के बारे में अहम सुराग मिले हैं। हालांकि, जांच अभी जारी है और एजेंसियां इस नेटवर्क के अन्य सदस्यों तक पहुंचने की कोशिश कर रही हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए अदालत ने आरोपी को सात दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
इससे पहले, अदालत ने 30 मार्च को शब्बीर अहमद लोन को 5 दिन की पुलिस हिरासत में भेजा था।
स्पेशल सेल के अतिरिक्त कमिश्नर प्रमोद सिंह कुशवाहा के अनुसार, 29 मार्च की रात दिल्ली के गाजीपुर इलाके से शब्बीर को गिरफ्तार किया गया था। इस कार्रवाई की निगरानी डीसीपी प्रवीण त्रिपाठी ने की। शब्बीर एक ट्रेंड और हार्डकोर आतंकवादी है, जो पाकिस्तान में ट्रेनिंग ले चुका है और बांग्लादेश से अपना मॉड्यूल चला रहा था। यह संवेदनशील इलाकों में पोस्टर लगवा रहा था, जिसमें सुप्रीम कोर्ट एरिया भी शामिल था।
गिरफ्तारी के दौरान शब्बीर के पास से अलग-अलग देशों की करेंसी बरामद हुई थी। उसके पास से नेपाल का सिम कार्ड और करीब 23 सौ टका बांग्लादेश की करेंसी, लगभग 5 हजार की पाकिस्तानी करेंसी और 3 हजार की भारतीय करेंसी भी मिली हथी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   4 April 2026 5:35 PM IST












