मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 गौतमबुद्धनगर में 5,000 विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा के प्रति किया जागरूक
नोएडा, 15 अक्टूबर (आईएएनएस)। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के साथ विद्यार्थियों को सुरक्षित डिजिटल वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 के अंतर्गत साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कमिश्नरेट के विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में गुरुवार को साइबर अपराध जागरूकता कार्यक्रम का सजीव प्रसारण कराया गया। इस कार्यक्रम के माध्यम से करीब 5,000 विद्यार्थियों को साइबर अपराध के विभिन्न तरीकों और उनसे बचाव के उपायों के बारे में जागरूक किया गया।
यह अभियान पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में संचालित किया जा रहा है। कार्यक्रम का आयोजन पुलिस उपायुक्त महिला सुरक्षा सुनिति तथा अपर पुलिस उपायुक्त महिला सुरक्षा मनीषा सिंह के पर्यवेक्षण में किया गया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को ऑनलाइन दुनिया में मौजूद खतरों के प्रति सचेत करना और उन्हें इंटरनेट, सोशल मीडिया तथा डिजिटल प्लेटफॉर्म का सुरक्षित एवं जिम्मेदारीपूर्वक इस्तेमाल करने के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान प्रख्यात साइबर सुरक्षा विशेषज्ञ रक्षित टंडन ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए वर्तमान समय में बढ़ते साइबर अपराधों के विभिन्न स्वरूपों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन गेमिंग और सोशल मीडिया का इस्तेमाल करते समय लापरवाही लोगों को साइबर अपराधियों का शिकार बना सकती है। ऐसे में इंटरनेट का उपयोग करते समय सतर्कता बरतना बेहद जरूरी है।
विशेषज्ञ ने विद्यार्थियों को फिशिंग, ओटीपी के माध्यम से धोखाधड़ी, बैंकिंग फ्रॉड, फर्जी लिंक, डिजिटल अरेस्ट, पहचान चोरी, साइबर बुलिंग और ऑनलाइन ब्लैकमेलिंग जैसे गंभीर साइबर अपराधों के बारे में बताया। उन्होंने समझाया कि साइबर अपराधी लोगों को अपने जाल में फंसाने के लिए नए-नए तरीके अपनाते हैं, इसलिए किसी भी अनजान व्यक्ति पर भरोसा करने, संदिग्ध लिंक खोलने या अपनी गोपनीय जानकारी साझा करने से पहले सावधानी बरतनी चाहिए।
उन्होंने विद्यार्थियों को सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से उपयोग करने, अपनी निजी जानकारी सुरक्षित रखने और किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि को नजरअंदाज नहीं करने की सलाह दी। साइबर सुरक्षा कार्यक्रम के सजीव प्रसारण में गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट के विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के लगभग 5,000 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने साइबर सुरक्षा और ऑनलाइन अपराधों से संबंधित कई सवाल पूछे। संबंधित थानों की साइबर हेल्प डेस्क पर नियुक्त प्रशिक्षित पुलिसकर्मियों ने सरल भाषा और व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया।
इस दौरान विद्यार्थियों को यह भी बताया गया कि साइबर अपराध का शिकार होने पर शिकायत कैसे दर्ज कराई जाए, डिजिटल साक्ष्यों को किस प्रकार सुरक्षित रखा जाए और समय पर पुलिस को सूचना देना क्यों महत्वपूर्ण है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि साइबर ठगी की घटना सामने आने पर बिना देर किए शिकायत करना जरूरी है, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई और सहायता प्राप्त करने की संभावना बढ़ सके। कार्यक्रम में राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 और राष्ट्रीय साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई।
विद्यार्थियों को बताया गया कि यदि किसी व्यक्ति के साथ ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी या अन्य साइबर अपराध होता है, तो वह हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क कर सकता है अथवा राष्ट्रीय साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकता है। पुलिस ने लोगों को सलाह दी कि ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी होने पर तत्काल शिकायत करें। साथ ही संबंधित संदेश, लेनदेन की जानकारी, स्क्रीनशॉट और अन्य उपलब्ध डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित रखें, जिससे जांच में मदद मिल सके।
गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे अपने पासवर्ड, ओटीपी, बैंकिंग संबंधी जानकारी और अन्य गोपनीय विवरण किसी के साथ साझा न करें। अनजान कॉल, संदिग्ध संदेश और फर्जी लिंक से सावधान रहें तथा सोशल मीडिया पर निजी जानकारी साझा करने से बचें। किसी भी तरह की साइबर बुलिंग, ऑनलाइन ब्लैकमेलिंग या धोखाधड़ी की स्थिति में चुप रहने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना दें।
पुलिस कमिश्नरेट के अनुसार, मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 के अंतर्गत भविष्य में भी इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे। इनका उद्देश्य महिलाओं, बालिकाओं, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक बनाना तथा उन्हें सुरक्षित डिजिटल वातावरण उपलब्ध कराने में मदद करना है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   15 Oct 2026 5:38 PM IST












