'ट्राई सीरीज' से पहले श्रीलंका को झटका, नहीं खेल सकेंगे पाथुम निसांका

ट्राई सीरीज से पहले श्रीलंका को झटका, नहीं खेल सकेंगे पाथुम निसांका
पाकिस्तान और इंग्लैंड के खिलाफ आगामी 'वनडे ट्राई-सीरीज' से पहले श्रीलंकाई टीम को झटका लगा है। इस टीम के स्टार ओपनिंग बल्लेबाज पाथुम निसांका सीरीज से बाहर हो गए हैं।

नई दिल्ली, 15 अक्टूबर (आईएएनएस)। पाकिस्तान और इंग्लैंड के खिलाफ आगामी 'वनडे ट्राई-सीरीज' से पहले श्रीलंकाई टीम को झटका लगा है। इस टीम के स्टार ओपनिंग बल्लेबाज पाथुम निसांका सीरीज से बाहर हो गए हैं।

निसांका हाल ही में चोटों से जूझ रहे हैं। उन्हें ट्राई-सीरीज के लिए टीम में शामिल तो किया गया था, लेकिन यह उनकी फिटनेस पर निर्भर था। पिछले महीने इंग्लैंड के खिलाफ व्हाइट-बॉल दौरे के बाद उन्हें हैमस्ट्रिंग (जांघ की मांसपेशी) में चोट लग गई थी।

'डेली मिरर' की रिपोर्ट के अनुसार, इस बल्लेबाज को अभी तक मैदान पर वापसी के लिए मेडिकल क्लीयरेंस नहीं मिल सका है। उनकी रिकवरी अभी उस स्तर तक नहीं पहुंची है कि वे फिर से खेलना शुरू कर सकें, इसलिए वे रविवार से रावलपिंडी में शुरू होने वाली ट्राई-सीरीज से बाहर हो गए हैं। रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि निसांका की जगह लाहिरू उदारा को टीम में शामिल किया गया है।

इससे पहले निसांका पाकिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज से भी बाहर हो गए थे। उन्हें वनडे सीरीज के लिए फिट घोषित होने पर टीम के साथ यात्रा करनी थी, लेकिन अब वे ट्राई-सीरीज से भी बाहर हो गए हैं।

निसांका को पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए भी श्रीलंका की टीम में रखा गया है, क्योंकि वे रेड-बॉल क्रिकेट में वापसी करने की कतार में हैं। हालांकि, दो मैचों की इस टेस्ट सीरीज में उनका खेलना भी उनकी फिटनेस क्लीयरेंस पर ही निर्भर करेगा।

श्रीलंका ने पाकिस्तान में होने वाली ट्राई-सीरीज के लिए पूर्व कप्तान चरिथ असलंका को भी टीम से बाहर कर दिया है। इस बीच, अविष्का फर्नांडो और ऑलराउंडर सहान अराचिगे को टीम में वापस बुलाया गया। वे असलंका और चोटिल वानिंदु हसरंगा के स्थान पर आए, जो इंग्लैंड दौरे के दौरान हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण बाहर हैं।

वनडे ट्राई-सीरीज के लिए श्रीलंकाई टीम: कुसल मेंडिस (कप्तान), पथुम निसांका, अविष्का फर्नांडो, कामिल मिशारा, पवन रत्नायके, सहान अराचिगे, कामिंडु मेंडिस, जेनिथ लियानगे, दासुन शनाका, डुनिथ वेलालागे, महेश थीक्षाना, सचिन्दु कोलंबेज, दुष्मंथा चमीरा, असिथा फर्नांडो, दिलशान मदुशंका, ईशान मलिंगा।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   15 Oct 2026 6:39 PM IST

Tags

Next Story