मोहन नगर इंडस्ट्रियल एरिया की फैक्ट्री में भीषण आग, फायर ब्रिगेड की तत्परता से टला बड़ा हादसा
गाजियाबाद, 17 मार्च (आईएएनएस)। गाजियाबाद के मोहन नगर स्थित आनंद इंडस्ट्रियल एरिया में रविवार देर रात एक फैक्ट्री में भीषण आग लगने की घटना सामने आई। प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 16 मार्च 2026 को रात 11:12 बजे फायर विभाग को सूचना मिली कि क्षेत्र की एक फैक्ट्री में आग लग गई है।
सूचना मिलते ही फायर सर्विस यूनिट के प्रभारी अधिकारी अपनी टीम और फायर टेंडरों के साथ तत्काल मौके के लिए रवाना हो गए। घटनास्थल पर पहुंचने पर पाया गया कि आग कृष्णा पॉलीमर्स नामक फैक्ट्री में लगी हुई थी, जो काफी विकराल रूप धारण कर चुकी थी। आग की लपटें तेजी से फैल रही थीं और आसपास की अन्य फैक्ट्रियों के लिए भी खतरा पैदा हो गया था।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए फायर ब्रिगेड टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए हौज पाइप बिछाकर आग बुझाने का काम शुरू किया। प्रभारी अधिकारी के नेतृत्व में टीम ने कड़ी मेहनत के साथ आग पर काबू पाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित कर लिया गया, जिससे एक बड़े हादसे को टाल दिया गया। फायर विभाग की इस तत्परता के चलते आसपास की कई फैक्ट्रियों को भी सुरक्षित बचा लिया गया।
आग बुझने के बाद जब टीम ने मौके का निरीक्षण किया, तो पाया गया कि फैक्ट्री में मशीनों के माध्यम से प्लास्टिक के दाने तैयार किए जाते थे। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण इलेक्ट्रिक शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। गनीमत यह रही कि इस भीषण आग की घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद फायर सर्विस यूनिट ने आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए अपनी टीम को वापस फायर स्टेशन भेज दिया।
आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद अब फायर कर्मचारी और स्थानीय पुलिस के जरिए इस बात की जांच की जाएगी की आग लगने के सही कारण क्या है। इस घटना ने एक बार फिर औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षा मानकों और अग्निशमन व्यवस्थाओं की आवश्यकता को उजागर किया है।
--आईएएनएस
पीकेटी/एएस
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   17 March 2026 10:56 AM IST












