एमपीएससी पेपर लीक मुंबई क्राइम ब्रांच ने चार और आरोपियों को किया गिरफ्तार

एमपीएससी पेपर लीक मुंबई क्राइम ब्रांच ने चार और आरोपियों को किया गिरफ्तार
महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (एमपीएससी) की औषध निरीक्षक पद की परीक्षा में लीक और अनधिकृत तरीके से प्रश्नसंच हासिल करने के मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच ने चार और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें दो उम्मीदवार और दो बिचौलिए शामिल हैं। इस मामले में अब तक कुल 11 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

मुंबई, 25 सितंबर (आईएएनएस)। महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (एमपीएससी) की औषध निरीक्षक पद की परीक्षा में लीक और अनधिकृत तरीके से प्रश्नसंच हासिल करने के मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच ने चार और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें दो उम्मीदवार और दो बिचौलिए शामिल हैं। इस मामले में अब तक कुल 11 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

गिरफ्तार किए गए उम्मीदवारों की पहचान साजिद संदे और विजय किंगर के रूप में हुई है। साजिद संदे को सांगली से, जबकि विजय किंगर को बुलढाणा से गिरफ्तार किया गया है। वहीं, मामले में बिचौलियों की भूमिका निभाने वाले संदीप खलाटे और भैरवनाथ कदम को नवी मुंबई से गिरफ्तार किया गया।

जांच में सामने आया कि एमपीएससी की परीक्षा की गोपनीयता और निष्पक्षता का उल्लंघन किया गया। साथ ही, लोकसेवक के तौर पर सौंपे गए सरकारी कर्तव्य का कथित रूप से दुरुपयोग करते हुए आर्थिक लाभ के लिए प्रश्नसंच को अनधिकृत तरीके से बाहर निकालकर उसकी लेन-देन की गई।

मामले में इससे पहले अवर सचिव अभिजीत लेंडवे, गोपनीय कक्ष में कार्यरत सहायक कक्ष अधिकारी विश्वेश्वर नकाते, सहायक कक्ष अधिकारी गोपाल मराठे, कौटिल्य अकादमी के संचालक प्रवीण पाटील, बिचौलिए अमृत पाटील और लोकेश उर्फ गौरव पाटील और उम्मीदवार ऋतुजा पाटील को गिरफ्तार किया जा चुका है।

मामले की जांच में सामने आया था कि उम्मीदवार ऋतुजा पाटील और गौरव पाटील के बीच प्रेम संबंध था। ऋतुजा ने अपने पिता अमृत पाटील से परीक्षा का पेपर हासिल करने की बात कही थी। इसके बाद अमृत पाटील कथित बिचौलिए प्रवीण पाटील के संपर्क में आया। प्रवीण पाटील नंदुरबार में कोचिंग क्लास चलाता था।

पुलिस जांच में सामने आया कि प्रवीण पाटील और एमपीएससी के गिरफ्तार अधिकारियों के बीच करीब 5 लाख रुपए का ट्रांजेक्शन हुआ था। पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि पूरी डील करीब 12 लाख रुपए में हुई थी।

फिलहाल, अब चार और गिरफ्तारियों के बाद इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों की कुल संख्या 11 हो गई है। विशेष जांच दल मामले में आगे की जांच कर रहा है और प्रश्नसंच लीक मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   25 Sept 2026 11:31 AM IST

Tags

Next Story