मुझे भी मिली है मंत्री बनने की जानकारी, बिहार के लिए विकास महत्वपूर्ण दिलीप जायसवाल
पटना, 7 मई (आईएएनएस)। बिहार में मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर राजधानी पटना में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। गांधी मैदान में आयोजित होने वाले शपथ ग्रहण समारोह को लेकर एनडीए नेताओं और कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है।
भाजपा नेता दिलीप जायसवाल ने कहा कि यह कार्यक्रम बिहार के विकास के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत भाजपा के शीर्ष नेता गांधी मैदान में हो रहे इस मंत्रिमंडल विस्तार समारोह में शामिल हो रहे हैं।
दिलीप जायसवाल ने कहा कि आने वाले समय में “विकसित बिहार” के सपने को साकार करने के लिए नए मंत्रियों को जिम्मेदारियां सौंपी जा रही हैं। पार्टी नेतृत्व का जो स्नेह और विश्वास कार्यकर्ताओं और नेताओं को मिल रहा है, उसके लिए हम सभी उनके आभारी हैं।
जब दिलीप जायसवाल से यह पूछा गया कि क्या वे स्वयं मंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं, तो उन्होंने कहा कि ऐसी जानकारी उन्हें मिली है और वह गांधी मैदान जा रहे हैं। उनके इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं और तेज हो गई हैं। राष्ट्रीय लोक मोर्चा के सांसद उपेंद्र कुशवाहा ने भी मंत्रिमंडल विस्तार को सामान्य लोकतांत्रिक प्रक्रिया बताया। उन्होंने कहा कि जब मुख्यमंत्री में बदलाव होता है, तो मंत्रिमंडल का विस्तार स्वाभाविक रूप से किया जाता है।
उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि पूरा बिहार लंबे समय से इस विस्तार का इंतजार कर रहा था और लोगों की नजर इस बात पर थी कि नए मंत्रिमंडल में किन नेताओं को शामिल किया जाएगा।
उपेंद्र कुशवाहा ने जदयू नेता निशांत कुमार को लेकर कहा कि उनकी पार्टी ने शुरुआत में ही निशांत कुमार को शुभकामनाएं दी थीं, जब इस विषय पर ज्यादा चर्चा नहीं हो रही थी। उन्होंने कहा कि अब जनता दल (यूनाइटेड) ने भी उन्हें एक नेता के रूप में स्वीकार किया है, जो सकारात्मक संकेत है। कुशवाहा के अनुसार, पूरा एनडीए गठबंधन बिहार के विकास और राज्य को आगे बढ़ाने के लक्ष्य के साथ मिलकर काम कर रहा है।
वहीं, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा-सेक्युलर के राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष कुमार सुमन ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में होने वाला यह मंत्रिमंडल विस्तार बिहार की राजनीति में नई ऊर्जा लेकर आएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्रियों और एनडीए के सभी घटक दलों के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी इस कार्यक्रम को ऐतिहासिक बना रही है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   7 May 2026 11:18 AM IST












