राजनीति: चुनावों से पहले भाषा विवाद खड़ा करना भाजपा की डिवाइड एंड रूल की नीति का हिस्सा आदित्य ठाकरे

चुनावों से पहले भाषा विवाद खड़ा करना भाजपा की डिवाइड एंड रूल की नीति का हिस्सा  आदित्य ठाकरे
महाराष्ट्र में मराठी बनाम हिंदी भाषा का विवाद बढ़ता ही जा रहा है। इसे लेकर महायुति और महा विकास अघाड़ी (एमवीए) के बीच जुबानी जंग जारी है। इस बीच शिवसेना (यूबीटी) के नेता और विधायक आदित्य ठाकरे ने भाजपा सांसद निशिकांत दुबे के बयान पर प्रतिक्रिया दी।

मुंबई, 8 जुलाई (आईएएनएस)। महाराष्ट्र में मराठी बनाम हिंदी भाषा का विवाद बढ़ता ही जा रहा है। इसे लेकर महायुति और महा विकास अघाड़ी (एमवीए) के बीच जुबानी जंग जारी है। इस बीच शिवसेना (यूबीटी) के नेता और विधायक आदित्य ठाकरे ने भाजपा सांसद निशिकांत दुबे के बयान पर प्रतिक्रिया दी।

शिवसेना (यूबीटी) के नेता आदित्य ठाकरे ने कहा कि निशिकांत दुबे न उत्तर भारत का प्रतिनिधित्व करते हैं, न ही हिंदी भाषा का। मुंबई सपनों की नगरी है। यहां देश के कोने-कोने से लोग आते हैं, काम करते हैं, व्यवसाय बढ़ाते हैं। हमारा विरोध हिंदी भाषा से नहीं, बल्कि जबरदस्ती थोपी जा रही 'भाषायी ताकत' से है।

उन्होंने कहा कि अगर निशिकांत दुबे ऐसे बयान दे रहे हैं तो मैं भाजपा से पूछना चाहता हूं कि क्या ऐसी हिम्मत वे पाकिस्तान या बांग्लादेश में दिखा सकते हैं? ये सब चुनावी दांव हैं। बिहार और बीएमसी के चुनावों से पहले भाषा विवाद खड़ा करना भाजपा की ‘डिवाइड एंड रूल’ की नीति का हिस्सा है। मैं सीएम देवेंद्र फडणवीस और डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे से पूछना चाहता हूं कि क्या वे भी भाजपा के इस जहर भरे बयान से सहमत हैं?

आदित्य ठाकरे ने मनसे के आंदोलन और पुलिस कार्रवाई पर कहा कि रात में अचानक से कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई हुई, नोटिस दिए गए, गिरफ्तारियां हुईं, क्या कारण था? हमने हमेशा कहा है कि हिंसा का समर्थन नहीं होना चाहिए, न हमारी ओर से, न ही किसी और की ओर से। अगर स्थानीय मराठी भाषी लोग अपनी बात रखना चाहते हैं तो उन्हें क्यों रोका जा रहा है? उन्होंने कहा कि क्या महाराष्ट्र में मराठी भाषा बोलने वालों को अब अपनी ही जमीन पर डराया जाएगा? भाजपा को यह स्पष्ट करना चाहिए कि वह किस पक्ष में है।

उन्होंने हिंदी-मराठी विवाद और मराठी मानुष की उपेक्षा पर कहा कि आज मुंबई में मराठी बोलने वालों को घर नहीं मिलता है। कॉलोनियों में उन्हें मटन, मछली खाने के नाम पर घर देने से मना कर दिया जाता है। भाजपा शासन में मराठी समुदाय उपेक्षित महसूस कर रहा है। अगर कोई व्यक्ति प्रतिक्रिया देता है तो यह सोचने की जरूरत है कि गुस्सा क्यों आया? जब बार-बार मराठी अस्मिता को दबाया जाएगा तो जवाब मिलेगा ही।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   8 July 2025 11:40 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story