मुंबई-अहमदाबाद हाईवे पर इलेक्ट्रॉनिक सामान से भरे कंटेनर में लगी आग, फायर ब्रिगेड ने घंटों की मशक्कत के बाद पाया काबू

मुंबई-अहमदाबाद हाईवे पर इलेक्ट्रॉनिक सामान से भरे कंटेनर में लगी आग, फायर ब्रिगेड ने घंटों की मशक्कत के बाद पाया काबू
महाराष्ट्र के वसई इलाके में मुंबई-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार देर रात इलेक्ट्रॉनिक सामान से भरे एक कंटेनर में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते कंटेनर आग के गोले में तब्दील हो गया।

मुंबई, 24 जून (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के वसई इलाके में मुंबई-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार देर रात इलेक्ट्रॉनिक सामान से भरे एक कंटेनर में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते कंटेनर आग के गोले में तब्दील हो गया।

यह घटना वसई के सातिवली फाटा क्षेत्र में हुई। जानकारी के अनुसार, कंटेनर मुंबई की ओर जा रहा था, तभी उसमें अचानक आग लग गई। कंटेनर में बड़ी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक सामान भरा हुआ था, जिसके कारण आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक इस हादसे में करोड़ों रुपए के सामान के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

वसई-विरार महानगरपालिका के अग्निशमन विभाग के अनुसार, मंगलवार की रात करीब 11:31 बजे पीएसआई प्रभाकर पाटील ने घटना की सूचना फायर विभाग को दी। बताया गया कि कंटेनर क्रमांक एमएच04केयू4945 में आग लगी थी।

सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम तुरंत सक्रिय हुई और मौके पर पहुंचते ही फायर ब्रिगेड कर्मियों ने होज रील और होज लाइन की मदद से आग बुझाने का अभियान शुरू कर दिया।

हालांकि आग की तीव्रता काफी अधिक थी, इसलिए अतिरिक्त सहायता के लिए आचोले स्थित मुख्य अग्निशमन केंद्र से वाहन क्रमांक एमएच48एवाई8101 को भी दल सहित मौके पर बुलाया गया। इसके बाद, दोनों टीमों ने मिलकर लगातार कई घंटों की कड़ी मेहनत के बाद आग पर सफलतापूर्वक नियंत्रण पाया।

आग बुझाने के बाद फायर ब्रिगेड ने कूलिंग प्रक्रिया भी पूरी की। इस पूरे बचाव अभियान में चालक निलेश पाटील, दीपक भोईर और अग्निवीर राकेश सावंत, अक्षय पाटील तथा निकेत पाटील ने अहम भूमिका निभाई। वहीं दूसरी फायर टीम में चालक भावेश पाटील के साथ अग्निवीर स्वप्निल पाटील और विशाल सावंत भी आग बुझाने के अभियान में सक्रिय रहे। राहत की बात यह रही कि इस भीषण आगजनी की घटना में किसी के घायल या हताहत होने की सूचना नहीं है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   24 Jun 2026 11:59 AM IST

Tags

Next Story