एलआईसी डिविडेंड सरकारी कंपनी में 10 रुपए प्रति शेयर लाभांश पाने का आज आखिरी मौका, 25 जून है रिकॉर्ड डेट

एलआईसी डिविडेंड सरकारी कंपनी में 10 रुपए प्रति शेयर लाभांश पाने का आज आखिरी मौका, 25 जून है रिकॉर्ड डेट
खुदरा निवेशकों (रिटेल शेयरधारकों) के पास भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) के डिविडेंड का लाभ पाने के लिए बुधवार तक का समय है। कंपनी ने 25 जून को रिकॉर्ड डेट तय की है, इसलिए पात्रता हासिल करने के लिए निवेशकों को आज ही एलआईसी के शेयर खरीदने होंगे।

नई दिल्ली, 24 जून (आईएएनएस)। खुदरा निवेशकों (रिटेल शेयरधारकों) के पास भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) के डिविडेंड का लाभ पाने के लिए बुधवार तक का समय है। कंपनी ने 25 जून को रिकॉर्ड डेट तय की है, इसलिए पात्रता हासिल करने के लिए निवेशकों को आज ही एलआईसी के शेयर खरीदने होंगे।

एक्सचेंज फाइलिंग में दी गई जानकारी के अनुसार, सरकारी बीमा कंपनी एलआईसी ने अपने शेयरधारकों के लिए 10 रुपए प्रति इक्विटी शेयर के अंतिम डिविडेंड की घोषणा की है।

भारत में लागू टी+1 सेटलमेंट प्रणाली के तहत यदि कोई निवेशक डिविडेंड पाने का हकदार बनना चाहते हैं, तो उन्हें 24 जून तक शेयर खरीदने होंगे, ताकि रिकॉर्ड डेट यानी 25 जून तक शेयर उनके डीमैट खाते में दिखाई दें।

एलआईसी ने वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही में शानदार प्रदर्शन किया है। कंपनी का समेकित शुद्ध लाभ (कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट) सालाना आधार पर 23.2 प्रतिशत बढ़ा है।

जनवरी-मार्च 2026 तिमाही के दौरान एलआईसी देश के वित्तीय क्षेत्र की सबसे अधिक मुनाफा कमाने वाली कंपनी बनकर उभरी। इस अवधि में कंपनी का शुद्ध लाभ (नेट प्रॉफिट) बढ़कर 23,420 करोड़ रुपए हो गया, जबकि पिछले वर्ष इसी तिमाही में यह 19,013 करोड़ रुपए था।

कंपनी की शुद्ध प्रीमियम आय (नेट प्रीमियम इनकम) भी 11.6 प्रतिशत बढ़कर 1.7 लाख करोड़ रुपए पहुंच गई, जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 1.5 लाख करोड़ रुपए थी।

कंपनियां अपने मुनाफे का एक हिस्सा शेयरधारकों को देने के लिए डिविडेंड घोषित करती हैं। यह भुगतान अंतिम (फाइनल), अंतरिम (इंटरिम) या विशेष (स्पेशल) डिविडेंड के रूप में किया जा सकता है।

डिविडेंड से होने वाली आय शेयरधारकों के हाथों में कर योग्य (टैक्सेबल) होती है।

यदि किसी निवासी व्यक्ति को एक वित्त वर्ष में 5,000 रुपए से अधिक का कुल डिविडेंड प्राप्त होता है, तो उस पर 10 प्रतिशत की दर से टीडीएस (स्रोत पर कर कटौती) लागू होता है।

एलआईसी ने वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही में केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र उपक्रमों (सीपीएसई) के बीच सबसे अधिक तिमाही मुनाफा कमाने वाली कंपनी का स्थान भी बरकरार रखा।

कंपनी के मजबूत वित्तीय नतीजों के बाद 23 मई को बीएसई में एलआईसी के शेयरों में करीब 5 प्रतिशत की तेजी देखी गई थी और शेयर का भाव 839 रुपए तक पहुंच गया था।

31 मार्च 2026 तक एलआईसी की प्रबंधनाधीन परिसंपत्तियां (एसेट्स अंडर मैनेजमेंट - एयूएम) सालाना आधार पर 5 प्रतिशत बढ़कर 57,29,396 करोड़ रुपए हो गईं, जो एक वर्ष पहले 54,52,297 करोड़ रुपए था।

इस मजबूत प्रदर्शन और डिविडेंड की घोषणा के चलते एलआईसी के शेयर निवेशकों के लिए आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   24 Jun 2026 2:23 PM IST

Tags

Next Story