मध्य प्रदेश में 10 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव जमीन पर उतरे सीएम मोहन यादव
भोपाल, 24 जून (आईएएनएस) मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा है कि राज्य में औद्योगिक विकास की रफ्तार तेज है और अब तक 10 लाख करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्ताव जमीन पर उतर चुके हैं । राजधानी भोपाल में आयोजित विकसित मध्य प्रदेश कांक्लेव के उद्घाटन सत्र में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने राज्य की औद्योगिक मित्र नीतियों का हवाला देते हुए कहा कि जो एक बार मध्यप्रदेश आता है, यहीं का होकर रह जाता है।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इस मौके पर राज्य सरकार द्वारा निवेशकों के लिए दी जा रही सुविधाएं और राज्य में उपलब्ध बिजली, सड़क, पानी सहित अन्य सुविधाओं का हवाला देते हुए निवेशकों को प्रदेश की संभावनाओं से अवगत कराया। इस मौके पर मुख्यमंत्री यादव ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार करने में मध्यप्रदेश दो ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था के लक्ष्य के साथ तेजी से आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश की उद्योग अनुकूल नीतियों और पारदर्शी व्यवस्था के परिणामस्वरूप अब तक प्राप्त निवेश प्रस्तावों में से लगभग 10 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव धरातल पर उतर चुके हैं। मध्यप्रदेश आज देश के सबसे तेजी से प्रगति करने वाले राज्यों में शामिल है। दरअसल राज्य में निवेशकों को आकर्षित करने के लिए राज्य सरकार द्वारा लगातार प्रयास किया जा रहे हैं।
एक तरफ जहां भोपाल में ग्लोबल इन्वेस्टर समिट आयोजित की जा चुकी है तो वहीं मुख्यमंत्री मोहन यादव कई देशों का दौरा कर निवेशकों को राज्य में आमंत्रित कर चुके हैं। इसके अलावा राज्य में क्षेत्र स्तर पर रीजनल कान्क्लेव का भी आयोजन भी राज्य सरकार की ओर से किया जा रहा है। राज्य सरकार के इन प्रयासों से निवेशकों में भरोसा बढ़ा है और तेजी से निवेश भी हो रहा है।
--आईएएनएस
एसएनपी/पीएम
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   24 Jun 2026 4:46 PM IST












