मेजर लीग क्रिकेट 2026 नांद्रे बर्गर बाहर, टीएसके ने डियान फॉरेस्टर को दी जगह
नई दिल्ली, 24 जून (आईएएनएस)। दक्षिण अफ्रीका के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज नांद्रे बर्गर मेजर लीग क्रिकेट 2026 (एमएलसी 2026) से बाहर हो गए हैं। बर्गर एमएलसी में टेक्सास सुपर किंग्स के लिए खेलते हैं।
नांद्रे बर्गर पीठ में पहले से मौजूद स्ट्रेस रिएक्शन की वजह से एमएलसी 2026 से बाहर हुए हैं। बर्गर ने इस सीजन में टेक्सास सुपर किंग्स (टीएसके) के लिए दो मैच खेले और 6 ओवर की गेंदबाजी में 1 विकेट लिया।
टीएसके की तरफ से जारी बयान में कहा गया है कि हाल ही में हुए स्कैन में पता चला है कि उनकी पीठ में पहले से स्ट्रेस रिएक्शन है, इसलिए नांद्रे बर्गर लंबे समय तक आराम और रिहैबिलिटेशन के लिए एमएलसी छोड़ रहे हैं।
नांद्रे बर्गर की इंजरी टीएसके के साथ ही दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के लिए भी चिंता का विषय है। दक्षिण अफ्रीका को ऑस्ट्रेलिया की मेजबानी करनी है। सितंबर-अक्टूबर में खेली जाने वाली इस सीरीज में तीन वनडे और तीन टेस्ट मैच खेले जाने हैं।
एमएलसी से पहले नांद्रे बर्गर आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स (आरआर) की तरफ से खेले थे, और टीम को प्लेऑफ तक पहुंचाने में उनका अहम योगदान रहा था। बाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज ने आईपीएल में आरआर के लिए 13 मैचों में 14 विकेट लिए थे।
नांद्रे बर्गर दक्षिण अफ्रीका की तरफ से 3 टेस्ट मैचों में 14, 14 वनडे में 22, और 8 टी20 में 6 विकेट ले चुके हैं। इसके अलावा, ओवरऑल टी20 आंकड़ों पर गौर करें तो यह गेंदबाज 103 मैचों में 112 विकेट चटका चुका है।
बर्गर के रिप्लेसमेंट के रूप में टेक्सास सुपर किंग्स ने दक्षिण अफ्रीका के ही डियान फॉरेस्टर को मौका दिया है। फॉरेस्टर सुपर किंग्स सेट-अप में एक जाना-पहचाना चेहरा हैं। 26 साल के इस ऑलराउंडर का एसए20 में जोबर्ग सुपर किंग्स और आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स के साथ खेलने का अनुभव रहा है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   24 Jun 2026 6:48 PM IST












