मुंबई एयरपोर्ट पर बम की झूठी धमकी देने वाला आरोपी गिरफ्तार

मुंबई, 29 मार्च (आईएएनएस)। मुंबई के साकीनाका इलाके के रहने वाले शांति कोठारी (58) को मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर बम की झूठी धमकी देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस और एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, शांति कोठारी ने मुंबई से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट 6ई 355 में चढ़ने के दौरान जोर-जोर से चिल्लाते हुए कहा कि "गाजियाबाद वाली फ्लाइट में बम है", जिससे एयरपोर्ट परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की जानकारी तुरंत इमिग्रेशन अधिकारियों और एयरपोर्ट सुरक्षा कर्मियों को दी गई। सीआईएसएफ के जवान और अन्य संबंधित विभाग मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए कार्रवाई की। यात्रियों और एयरपोर्ट स्टाफ में डर और असमंजस की स्थिति उत्पन्न हो गई।
सहार पुलिस ने इस मामले में शांति कोठारी के खिलाफ बीएनएस की धारा के तहत एफआईआर दर्ज की है। पुलिस आरोपी के बैकग्राउंड और मानसिक स्थिति की जांच कर रही है। अधिकारियों ने बताया कि यह घटना बोर्डिंग गेट नंबर 51 के पास हुई, जहाँ शांति कोठारी फ्लाइट में चढ़ने के समय भड़काऊ और डराने वाली बातें कर रहा था।
शिकायतकर्ता ने बताया कि वह उस समय गेट नंबर 51 पर ड्यूटी पर था। अपनी जिम्मेदारियों के तहत वह मुंबई से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट की बोर्डिंग प्रक्रिया पूरी कर रहा था और यात्रियों को मार्गदर्शन और सहायता प्रदान कर रहा था। उसने कहा कि अचानक शांति कोठारी द्वारा की गई धमकी ने पूरे गेट पर अफरा-तफरी मचा दी, लेकिन एयरपोर्ट सुरक्षा अधिकारियों ने तुरंत स्थिति को नियंत्रित किया।
अधिकारियों का कहना है कि ऐसे झूठे बम की धमकी देने वाले मामले गंभीर अपराध माने जाते हैं और उन्हें कानून के तहत कड़ी सजा का प्रावधान है। पुलिस ने यात्रियों और एयरपोर्ट कर्मचारियों से अपील की है कि ऐसी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना दें ताकि बड़े हादसे को रोका जा सके।
शांति कोठारी को फिलहाल हिरासत में रखा गया है और पुलिस उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। यह घटना मुंबई एयरपोर्ट की सुरक्षा के लिए चेतावनी के रूप में देखी जा रही है, और एयरपोर्ट प्रशासन ने अपनी सुरक्षा जांच और निगरानी को और सख्त कर दिया है। जिससे आगे इस तरह की घटना न हो।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   29 March 2026 11:22 AM IST












