मुंबई एयरपोर्ट पर फर्जी पासपोर्ट के साथ एक बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार

मुंबई एयरपोर्ट पर फर्जी पासपोर्ट के साथ एक बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार
मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर इमिग्रेशन अधिकारियों ने फर्जी भारतीय पासपोर्ट के सहारे विदेश भागने की कोशिश कर रहे एक बांग्लादेशी नागरिक को गिरफ्तार कर लिया है।

मुंबई, 25 मार्च (आईएएनएस)। मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर इमिग्रेशन अधिकारियों ने फर्जी भारतीय पासपोर्ट के सहारे विदेश भागने की कोशिश कर रहे एक बांग्लादेशी नागरिक को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक, घटना बुधवार तड़के करीब 4:15 बजे की है, जब इमिग्रेशन अधिकारी गणेश गवली ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान एक यात्री जांच के लिए काउंटर पर पहुंचा। पहली नजर में उसके दस्तावेज पूरी तरह सामान्य लगे, लेकिन गहन जांच के दौरान अधिकारी को कुछ गड़बड़ी का एहसास हुआ। यात्री के पास भारतीय पासपोर्ट था, जिसमें कोलकाता का पता दर्ज था, लेकिन उसके मोबाइल नंबर में बांग्लादेश का कंट्री कोड दिखाई दिया। इसी विसंगति के आधार पर संदेह गहराया और उसे तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों के पास ले जाया गया।

सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपनी असली पहचान उजागर कर दी। उसने बताया कि उसका नाम सुकांता मल्लीक (39) है और वह बांग्लादेश के गोपालगंज जिले का निवासी है। उसने स्वीकार किया कि वह वर्ष 2012 में अवैध रूप से भारत में दाखिल हुआ था और वर्ष 2022 में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर भारतीय पासपोर्ट बनवाया। इतना ही नहीं, उसने पैन कार्ड, वोटर आईडी और राशन कार्ड जैसे कई सरकारी दस्तावेज भी जालसाजी के जरिए हासिल किए।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी फ्लाइट नंबर टीसी-401 से कांगो के डार सिटी जाने की तैयारी में था। वह फर्जी भारतीय पहचान के सहारे विदेश में बसने की योजना बना रहा था। इमिग्रेशन अधिकारियों ने उसके पास से भारतीय पासपोर्ट, बोर्डिंग पास, पैन कार्ड, वोटर आईडी, राशन कार्ड, बांग्लादेश का जन्म प्रमाण पत्र, उसकी मां का पासपोर्ट और मोबाइल फोन सहित कई अहम दस्तावेज बरामद किए हैं।

प्रारंभिक जांच से संकेत मिले हैं कि इस पूरे मामले में आरोपी अकेला नहीं है, बल्कि इसके पीछे एक संगठित गिरोह सक्रिय हो सकता है, जो फर्जी दस्तावेज बनाकर लोगों को भारत में बसाने और विदेश भेजने का काम करता है। फिलहाल आरोपी को आगे की कार्रवाई के लिए सहार पुलिस के हवाले कर दिया गया है। उसके खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी और अवैध रूप से भारत में रहने जैसी गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया जा रहा है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   25 March 2026 8:15 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story