मुंबई सिटी एफसी ने डिफेंडर लाजार सिर्कोविच को एक साल के लिए साइन किया

मुंबई सिटी एफसी ने डिफेंडर लाजार सिर्कोविच को एक साल के लिए साइन किया
इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) का आगामी सीजन 10 अक्टूबर से शुरू होने जा रहा है, जिससे पहले मुंबई सिटी एफसी ने सर्बियाई स्टार लाजार सिरकोविच के साथ एक साल का करार किया है।

मुंबई, 8 सितंबर (आईएएनएस)। इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) का आगामी सीजन 10 अक्टूबर से शुरू होने जा रहा है, जिससे पहले मुंबई सिटी एफसी ने सर्बियाई स्टार लाजार सिरकोविच के साथ एक साल का करार किया है।

निस (सर्बिया) में जन्मे लाजार ने साल 2010 में सर्बियाई सुपरलीगा क्लब 'राड' के साथ अपने फुटबॉल करियर की शुरुआत की थी। वहां रहते हुए, उन्होंने लोन पर सर्बियाई लीग क्लब 'पालिक' के साथ भी अनुभव हासिल किया।

साल 2014 में, लाजार सर्बिया के बड़े क्लब 'पार्टिजन' से जुड़े और टोटेनहम हॉटस्पर के खिलाफ यूईएफए यूरोपा लीग मैच में क्लब के लिए अपना आधिकारिक डेब्यू किया। पार्टिजन के साथ अपने चार साल के कार्यकाल के दौरान, उन्होंने दो सर्बियाई सुपरलीगा खिताब और एक सर्बियाई कप जीता और फिर स्विट्जरलैंड में 'लुजर्न', इजरायल में 'मकाबी नेतान्या' और हंगरी में 'कासार्डा' और 'होनवेड' जैसी टीमों के लिए खेले।

इसके बाद लाजार भारत आ गए, जहां वे इंडियन सुपर लीग की टीम 'चेन्नईयन एफसी' से जुड़े। अपने पहले सीजन में, उन्होंने क्लब को प्लेऑफ में जगह दिलाने में अहम भूमिका निभाई, जिसके चलते अगले सीजन में 'जमशेदपुर एफसी' में जाने का मौका मिला। 'मेन ऑफ स्टील' (जमशेदपुर एफसी) के लिए लगातार अच्छा प्रदर्शन करते हुए टीम को सेमीफाइनल तक पहुंचाने में मदद की।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर, लाजार ने साल 2013 में सर्बिया की अंडर-21 टीम के लिए अपना प्रतिस्पर्धी डेब्यू किया और उत्तरी आयरलैंड के खिलाफ घरेलू जीत में हिस्सा लिया। वे साल 2015 तक समय-समय पर टीम का प्रतिनिधित्व करते रहे और 2015 यूईएफए यूरोपियन अंडर-21 चैंपियनशिप के लिए सर्बिया की टीम का भी हिस्सा थे।

मुंबई सिटी एफसी से जुड़ने के बाद, लाजार ने कहा कि उनका ध्यान अपने साथियों की मदद करने और टीम में जीत की मानसिकता लाने पर होगा।

उन्होंने कहा, "मैं जीत की मानसिकता के साथ मुंबई सिटी से जुड़ रहा हूं। मेरे लिए, सबसे महत्वपूर्ण चीज हमेशा टीम होती है। मैं ऐसा खिलाड़ी बनना चाहता हूं जिस पर मेरे साथी मैदान के अंदर और बाहर भरोसा कर सकें, और मुंबई सिटी को बड़े खिताब जीतने की होड़ में शामिल होने में मदद कर सकूं।"

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   8 Sept 2026 6:03 PM IST

Tags

Next Story