मुंबई कोस्टल रोड पर तेज रफ्तार कार समुद्र में गिरी, ड्राइवर सुरक्षित

मुंबई, 7 अक्टूबर (आईएएनएस)। मुंबई के वर्ली क्षेत्र में कोस्टल रोड पर सोमवार देर रात एक भीषण हादसा हुआ। एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई और करीब 30 फीट नीचे समुद्र में जा गिरी। हादसे के तुरंत बाद महाराष्ट्र सुरक्षा बल के जवानों ने मोर्चा संभाला और कार चला रहे युवक को डूबने से बचा लिया। गोताखोर कार को निकालने की कोशिश कर रहे हैं।
यह घटना आधी रात के आसपास हुई, जब कार महालक्ष्मी से वर्ली की ओर जा रही थी। कार में केवल 28 वर्षीय चालक फ्रशोगोर बट्टीवाला मौजूद था, जिसे महाराष्ट्र सुरक्षा बल (एमएसएफ) के जवानों ने तुरंत कार्रवाई कर सुरक्षित बचा लिया।
पुलिस के अनुसार, चालक ने तेज गति के कारण गाड़ी पर नियंत्रण खो दिया। डिवाइडर से टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार हवा में उछलकर समुद्र में जा गिरी और कुछ ही पलों में डूब गई।
महाराष्ट्र सुरक्षा बल के जवानों की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के कारण चालक को समय रहते बचा लिया गया। घायल बट्टीवाला को मामूली चोटों के साथ नजदीकी सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
वर्ली पुलिस ने चालक का बयान दर्ज किया है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में तेज गति को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या चालक नशे की हालत में था, हालांकि इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है।
घटनास्थल पर मौजूद एक पुलिस अधिकारी ने बताया, "तेज रफ्तार के कारण कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई और समुद्र में जा गिरी। महाराष्ट्र सुरक्षा बल जवानों की त्वरित कार्रवाई से चालक की जान बच गई, वरना हादसा और घातक हो सकता था।"
वर्तमान में डूबी हुई कार को समुद्र से निकालने का कार्य जारी है। पुलिस ने कोस्टल रोड पर वाहनों की गति सीमा का पालन करने की चेतावनी दी है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   7 Oct 2025 12:25 PM IST