मुंबई में एलपीजी की कालाबाजारी पर बड़ी कार्रवाई, आठ वाहनों में लदे 451 सिलेंडर बरामद
मुंबई, 11 अप्रैल (आईएएनएस)। मुंबई में कालाबाजारी और अवैध गतिविधियों के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई सामने आई है। यह मामला एलपीजी गैस सिलेंडरों के अवैध भंडारण और परिवहन से जुड़ा हुआ है, जिसे राशनिंग विभाग ने समय रहते पकड़ लिया। डोंगरी के वाडी बंदर इलाके में हुई इस कार्रवाई ने पूरे क्षेत्र में हलचल मचा दी है।
राशनिंग विभाग को इस पूरे मामले की गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग बिना किसी वैध अनुमति के बड़ी मात्रा में एलपीजी सिलेंडरों का भंडारण और ट्रांसपोर्ट कर रहे हैं। जैसे ही यह सूचना अधिकारियों तक पहुंची, राशनिंग नियंत्रक और नागरिक आपूर्ति निदेशक ने तुरंत इस पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद विभाग की फ्लाइंग स्क्वॉड टीम ने एक सुनियोजित अभियान चलाया।
टीम ने डोंगरी के वाड़ी बंदर ब्रिज के पास निगरानी बढ़ाई और वहां से गुजर रहे संदिग्ध वाहनों को रोकना शुरू किया। जांच के दौरान 8 गाड़ियों को पकड़ा गया, जो एलपीजी सिलेंडरों से भरी हुई थीं। जब इन वाहनों की तलाशी ली गई तो कुल 451 गैस सिलेंडर बरामद हुए। इन सिलेंडरों के कोई भी वैध दस्तावेज नहीं थे, जिससे साफ हो गया कि यह पूरा कारोबार अवैध तरीके से चल रहा था। जब्त किए गए सभी सिलेंडरों और वाहनों की कुल कीमत करीब 40.61 लाख रुपए आंकी गई है।
अधिकारियों के अनुसार, यह सिलेंडर बाजार में ऊंचे दामों पर बेचने या फिर अवैध सप्लाई के लिए ले जाया जा रहा था। इस तरह की कालाबाजारी कानून का उल्लंघन है। गैस सिलेंडर जैसे ज्वलनशील पदार्थों का गलत तरीके से भंडारण और परिवहन गंभीर हादसों का कारण बन सकता है।
इस पूरे मामले के बाद मुंबई पुलिस ने भी तुरंत केस दर्ज कर लिया है और अब आगे की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस अवैध कारोबार के पीछे कौन लोग शामिल हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   11 April 2026 1:24 PM IST












