'मैं आतंकवादी हूं', मुंबई में फर्जी बम कॉल से मचा हड़कंप, आरोपी गिरफ्तार
मुंबई, 8 अप्रैल (आईएएनएस)। मुंबई में मंगलवार की सुबह एक कथित बम धमकी भरे कॉल ने सुरक्षा एजेंसियों में कुछ समय के लिए हड़कंप मचा दिया। हालांकि, कुछ ही देर बाद मामले की जांच के बाद पता चला कि यह कॉल एपीएमसी में काम करने वाले एक 46 वर्षीय दिहाड़ी मजदूर ने की, जो फर्जी निकली।
दरअसल, सुबह करीब 11:54 बजे, कॉलर ने बीट मार्शल सिस्टम पर फोन कर कहा, 'मैं आतंकवादी बोल रहा हूं। मुंबई में बम ब्लास्ट होने वाला है।' इस अस्पष्ट लेकिन गंभीर धमकी के बाद पुलिस तंत्र तुरंत अलर्ट हो गया। हालांकि, कुछ ही घंटों में पुलिस ने कॉल करने वाले की पहचान तूफान नूरलाल शेख के रूप में की, जो सेक्टर 19 स्थित एपीएमसी मार्केट इलाके में रहने वाला एक मजदूर है।
अधिकारियों के अनुसार, आरोपी ने कोई ठोस जानकारी नहीं दी थी और उसके पास कोई वास्तविक योजना भी नहीं थी, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि यह केवल दहशत फैलाने की कोशिश थी। एपीएमसी पुलिस स्टेशन के कांस्टेबल राजेंद्र प्रकाश तायडे ने इस मामले में शिकायत दर्ज कराई है। आरोपी के खिलाफ फर्जी आतंकी धमकी देने और कानून व्यवस्था को गुमराह करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।
मामले को लेकर पुलिस का कहना है कि ऐसी अस्पष्ट धमकियों को भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता, जिसके चलते कई यूनिट्स को तत्काल सक्रिय करना पड़ा और संसाधनों का इस्तेमाल करना पड़ा।
अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि इस तरह की फर्जी कॉल्स के गंभीर कानूनी परिणाम हो सकते हैं और यह वास्तविक आपात स्थितियों के दौरान पुलिस की प्रतिक्रिया क्षमता को भी प्रभावित कर सकती हैं।
एपीएमसी के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी अजय शिंदे ने बताया कि हमने तुरंत आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की। उसने शराब के नशे में ये सब किया। वहीं, मामले को लेकर पुलिस की जांच जारी है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   8 April 2026 8:14 PM IST












