मुंबई 'ऑपरेशन व्हाइट स्ट्राइक' में एनसीबी को बड़ी कामयाबी, 1745 करोड़ रुपए की कोकीन जब्त

मुंबई ऑपरेशन व्हाइट स्ट्राइक में एनसीबी को बड़ी कामयाबी, 1745 करोड़ रुपए की कोकीन जब्त
मुंबई और उससे जुड़े लॉजिस्टिक्स कॉरिडोर में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय कोकीन तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया है। 'ऑपरेशन व्हाइट स्ट्राइक' के तहत एजेंसी ने करीब 349 किलोग्राम हाई-ग्रेड कोकीन जब्त की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय अवैध बाजार में कीमत लगभग 1,745 करोड़ रुपए आंकी गई है। यह ऑपरेशन पिछले छह महीनों से अधिक समय तक चली खुफिया निगरानी और सूचनाओं के आधार पर अंजाम दिया गया।

मुंबई, 1 मई (आईएएनएस)। मुंबई और उससे जुड़े लॉजिस्टिक्स कॉरिडोर में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय कोकीन तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया है। 'ऑपरेशन व्हाइट स्ट्राइक' के तहत एजेंसी ने करीब 349 किलोग्राम हाई-ग्रेड कोकीन जब्त की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय अवैध बाजार में कीमत लगभग 1,745 करोड़ रुपए आंकी गई है। यह ऑपरेशन पिछले छह महीनों से अधिक समय तक चली खुफिया निगरानी और सूचनाओं के आधार पर अंजाम दिया गया।

जांच एजेंसी को मिले पुख्ता इनपुट के बाद एनसीबी की कई टीमों ने नवी मुंबई के कलंबोली से लेकर ठाणे के भिवंडी तक फैले लॉजिस्टिक्स नेटवर्क पर एक साथ छापेमारी की। इस दौरान एक अत्यंत संगठित ट्रांसनेशनल ड्रग सप्लाई नेटवर्क का खुलासा हुआ, जो वेयरहाउस और छिपे हुए परिवहन तरीकों का इस्तेमाल कर रहा था।

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने एक्स पोस्ट में लिखा, "हम नशीले पदार्थों के गिरोह को पूरी तरह से खत्म करने के लिए दृढ़ संकल्पित हैं। एनसीबी ने एक बड़े अंतरराष्ट्रीय नशीले पदार्थों के गिरोह पर शिकंजा कसते हुए मुंबई में 1,745 करोड़ रुपए की कीमत वाली 349 किलोग्राम उच्च-गुणवत्ता वाली कोकीन जब्त की है। यह 'बॉटम-टू-टॉप' दृष्टिकोण का एक बेहतरीन उदाहरण है, जिसमें एजेंसी ने एक छोटी खेप का पता लगाते हुए एक विशाल नेटवर्क को पकड़ लिया। इस बड़ी सफलता के लिए एनसीबी टीम को बधाई।"

एनसीबी की ओर से जारी प्रेस नोट में कहा गया, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में यह सफल ऑपरेशन नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ सरकार की 'जीरो टॉलरेंस' (बिल्कुल भी बर्दाश्त न करने की) नीति को दर्शाता है।"

ऑपरेशन के पहले चरण में एनसीबी अधिकारियों ने कलंबोली स्थित केडब्ल्यूसी वेयरहाउसिंग कॉम्प्लेक्स के पास एक मारुति सुजुकी सुपर कैरी (सीएनजी) वाहन को रोका। तलाशी के दौरान वाहन से 136 पैकेट कोकीन बरामद हुई, जिनमें प्रत्येक का वजन लगभग 1 किलोग्राम था। चौंकाने वाली बात यह रही कि इन पैकेट्स को क्रिकेट पैड और ग्लव्स के अंदर छिपाकर कार्टन में रखा गया था। मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के बाद एनसीबी को भिवंडी में छिपाकर रखे गए एक और बड़े कंसाइनमेंट की जानकारी मिली। इसके आधार पर एजेंसी ने ठाणे जिले के भिवंडी स्थित रेहनाल गांव के लक्ष्मण कंपाउंड में छापा मारा, जहां से 213 और पैकेट (प्रत्येक 1 किलो) कोकीन बरामद की गई।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह कोकीन भारत में आयात की गई मशीनरी के अंदर बने विशेष कैविटी में छिपाकर लाई गई थी। हर पैकेट को पॉलीथीन की 9 परतों में पैक किया गया था, जिसमें एक परत काले चिकने पदार्थ की भी थी, ताकि स्कैनिंग में पकड़ में न आए।

भिवंडी के वेयरहाउस नेटवर्क के इस्तेमाल से यह साफ हो गया है कि तस्करी का यह नेटवर्क बेहद संगठित था, जिसमें मशीनों के आयात से लेकर गोदामों में स्टोरेज और फिर सप्लाई तक की पूरी चेन विकसित की गई थी।

एनसीबी अब इस पूरे रैकेट के सरगना, फाइनेंसर, हैंडलर और रिसीवर्स तक पहुंचने के लिए गहन जांच कर रही है। एजेंसी का मानना है कि यह बरामदगी इसलिए भी अहम है क्योंकि भारत में आमतौर पर सालभर में कुल 200-300 किलोग्राम कोकीन ही जब्त होती है, जबकि इस एक ऑपरेशन में ही उससे कहीं ज्यादा ड्रग्स पकड़ी गई है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   1 May 2026 7:23 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story