मुंबई समेत महाराष्ट्र में 6 जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट, आईएमडी ने निचले इलाकों के लोगों को चेताया

मुंबई समेत महाराष्ट्र में 6 जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट, आईएमडी ने निचले इलाकों के लोगों को चेताया
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मुंबई और महाराष्ट्र के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। आईएमडी के निदेशक बिक्रम सिंह ने बुधवार को बताया कि 2 जुलाई की शाम से बारिश की गतिविधियों में तेजी आएगी, जो कम से कम 6 जुलाई तक जारी रहने की संभावना है। उन्होंने लोगों, विशेषकर निचले इलाकों में रहने वालों, से सतर्क रहने और प्रशासन की सलाह का पालन करने की अपील की है।

मुंबई, 1 जुलाई (आईएएनएस)। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मुंबई और महाराष्ट्र के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। आईएमडी के निदेशक बिक्रम सिंह ने बुधवार को बताया कि 2 जुलाई की शाम से बारिश की गतिविधियों में तेजी आएगी, जो कम से कम 6 जुलाई तक जारी रहने की संभावना है। उन्होंने लोगों, विशेषकर निचले इलाकों में रहने वालों, से सतर्क रहने और प्रशासन की सलाह का पालन करने की अपील की है।

आईएमडी निदेशक बिक्रम सिंह ने आईएएनएस से बातचीत में बताया, "पिछले 24 घंटों के दौरान मुंबई और उसके उपनगरीय क्षेत्रों में अच्छी और कई स्थानों पर भारी बारिश दर्ज की गई है। पिछले दो दिनों से मानसूनी गतिविधियां लगातार सक्रिय बनी हुई हैं। हालांकि, निचले इलाकों में जहां पहले जलभराव की समस्या थी, वहां फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।"

बिक्रम सिंह ने कहा, "मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 2 जुलाई की शाम से बारिश की तीव्रता और बढ़ेगी। 3 जुलाई को भी कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है, जबकि कुछ इलाकों में अत्यधिक बारिश भी दर्ज की जा सकती है। बारिश का प्रभाव व्यापक रहेगा और राज्य के कई हिस्से इसकी चपेट में आ सकते हैं।"

उन्होंने कहा, "अगले दो से तीन दिनों तक लगातार भारी बारिश होने के कारण निचले क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बन सकती है। ऐसे इलाकों में रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। अक्सर तेज बारिश देर रात या तड़के सुबह के समय अधिक होती है, जब अधिकांश लोग घरों में सो रहे होते हैं। इसलिए नागरिकों को मौसम संबंधी चेतावनियों पर नजर रखने और अनावश्यक रूप से घरों से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है।"

आईएमडी निदेशक ने कहा, "4 जुलाई की शाम से लेकर 6 जुलाई तक भी बारिश की गतिविधियां बनी रहेंगी। इस दौरान लगातार चार से पांच दिनों तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में अच्छी बारिश होने की संभावना है।" उन्होंने इसे मौसम की दृष्टि से महत्वपूर्ण अवधि बताते हुए कहा कि प्रशासन और आम नागरिकों को पूरी सतर्कता बरतनी चाहिए।

बिक्रम सिंह ने यह भी बताया, "केवल मुंबई ही नहीं, बल्कि मध्य महाराष्ट्र के कई जिलों में भी वर्षा की गतिविधियां तेज होंगी। नासिक और विदर्भ क्षेत्र में 4 जुलाई के बाद बारिश का असर और बढ़ने की संभावना है।"

उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों में भी लोगों को संभावित जलभराव, यातायात बाधित होने और अन्य मौसम संबंधी परेशानियों के प्रति सतर्क रहना चाहिए। मौसम विभाग लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और समय-समय पर आवश्यक अपडेट जारी करेगा।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   1 July 2026 10:42 PM IST

Tags

Next Story