बिहार मुंगेर पुलिस की बड़ी सफलता, 'ऑपरेशन मुस्कान' में 106 चोरी और गुम मोबाइल बरामद
मुंगेर, 20 जून (आईएएनएस)। मुंगेर पुलिस ने 'ऑपरेशन मुस्कान' के तहत एक बार फिर सफलता हासिल की है। जिले में 25 जनवरी से 20 जून तक चले अभियान के दौरान पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान और सूचना-आधारित कार्रवाई से कुल 106 गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद किए। इन मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 42 लाख रुपए बताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद के निर्देशन में जिला आसूचना इकाई और विभिन्न थाना पुलिस टीमों ने संयुक्त प्रयास से अभियान चलाया। शनिवार को एसपी कार्यालय में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित कर बरामद कई मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए गए। कार्यक्रम में करीब 63 लोगों ने पहुंचकर अपने मोबाइल प्राप्त किए, जबकि शेष मोबाइल संबंधित थानों के माध्यम से उनके मालिकों को सौंपे जाएंगे।
सबसे अधिक 35 मोबाइल कोतवाली थाना क्षेत्र से बरामद हुए हैं। मोबाइल वापस पाने वाले लोगों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। कई लोगों ने बताया कि उन्हें अपने मोबाइल फोन वापस मिलने की उम्मीद नहीं थी, लेकिन मुंगेर पुलिस की मेहनत और लगन से उनका सामान वापस मिल गया।
एक मोबाइल धारक ने कहा, "हमें अपना मोबाइल वापस मिल गया है। इसके लिए हम मुंगेर पुलिस और पुलिस अधीक्षक का दिल से धन्यवाद करते हैं।"
पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, "ऑपरेशन मुस्कान के तहत हमने पूरे जिले से 106 मोबाइल रिकवर किए और उन्हें उनके असली मालिकों को सौंपा है। लोगों को पुलिस मुख्यालय बुलाकर मोबाइल दिए गए। यह अभियान आम लोगों के लिए राहत भरा साबित हो रहा है। हमारी टीम तकनीकी सहायता और सूचना के आधार पर लगातार काम कर रही है।"
एसपी ने कहा कि मोबाइल चोरी और गुम होने की घटनाओं में कमी लाने के लिए जागरूकता भी जरूरी है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे मोबाइल की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   20 Jun 2026 8:06 PM IST












