मुश्ताक खान के बेटे मोहसिन खान ने फैंस का जताया आभार, बोले- आपने ही उन्हें पहचान दिलाई

मुश्ताक खान के बेटे मोहसिन खान ने फैंस का जताया आभार, बोले- आपने ही उन्हें पहचान दिलाई
अभिनेता मुश्ताक खान का 75 वर्ष की आयु में गुरुवार की शाम को मुंबई के नानावटी अस्पताल में निधन हो गया था। अभिनेता के बेटे और निर्देशक मोहसिन खान ने अब तक फैंस द्वारा मिले अपार प्यार के लिए धन्यवाद अदा किया।

मुंबई, 25 सितंबर (आईएएनएस)। अभिनेता मुश्ताक खान का 75 वर्ष की आयु में गुरुवार की शाम को मुंबई के नानावटी अस्पताल में निधन हो गया था। अभिनेता के बेटे और निर्देशक मोहसिन खान ने अब तक फैंस द्वारा मिले अपार प्यार के लिए धन्यवाद अदा किया।

मोहसिन खान ने आईएएनएस के साथ बातचीत में कहा, "मैं सबसे पहले आप सभी को धन्यवाद अदा करना चाहूंगा, क्योंकि आप सभी की वजह से मेरे पिता जी को अपना टैलेंट दिखाने का मौका मिला, जिससे उन्होंने इतना नाम कमाया, तो मेरी श्रद्धांजलि पिता जी को आप सभी को धन्यवाद कहकर होगी।"

उन्होंने आगे कहा, "मेरे पिता जी एक बहुत ही टैलेंटेड आर्टिस्ट थे, जिन्हें सभी जानते थे, लेकिन जितने शानदार वह एक्टर थे, उतने ही अच्छे इंसान भी थे। इंडस्ट्री की तरफ से जब उन्हें इतना प्यार मिलता है, तो दिल खुश हो जाता है। उनकी जिंदगी विवादों से दूर रही है। उन्होंने सभी को सपोर्ट करने की कोशिश की और यही उनकी असली सफलता थी।"

उन्होंने अपने बारे में बताते हुए कहा, "मैं मुश्ताक खान का बेटा मोहसिन खान हूं। मैं फिल्म डायरेक्टर और प्रोड्यूसर भी हूं। मैं सभी से कहना चाहता हूं कि मेरे डैड की तरफ से आप सभी का शुक्रिया कि आप सभी की वजह से उन्हें सभी लोग आज इतना जानते हैं।"

अभिनेता अंगद देसाई और अली खान ने भी मुश्ताक खान की सादगी की प्रशंसा की।

अंगद देसाई ने कहा, "मुश्ताक खान का चला जाना हम सभी के लिए यह बहुत ही दुखद न्यूज है। वह एक बेहतरीन कलाकार और अच्छे इंसान थे, जिनके चेहरे पर हमेशा मुस्कराहट रहती थी। जब ऐसा इंसान चला जाए, तो इंडस्ट्री के लिए दुख की बात होती है।"

अली खान ने कहा, "मुश्ताक खान भाई के साथ मेरा 40 साल से ज्यादा पुराना रिश्ता रहा है। वे बहुत ही मिलनसार व्यक्ति थे। वे अच्छे कलाकार होने के साथ-साथ अच्छे इंसान भी थे और ऐसे इंसान का चला जाना दुखद होता है। वह अपनी फैमिली से बहुत प्यार करते थे। असल जिंदगी में बस काम में व्यस्त रहते थे और कोई मतलब नहीं था। हम शाम को साथ में घूमने जाते थे। फिल्म इंडस्ट्री और हम सभी ने एक अच्छा इंसान और कलाकार खोया है। ऊपर वाला उनकी आत्मा को शांति दे और परिवार को हिम्मत दें।"

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   25 Sept 2026 2:55 PM IST

Tags

Next Story