मुजफ्फरपुर एंबुलेंस से गांजा और देसी कट्टा बरामद, चालक और टेक्नीशियन गिरफ्तार
मुजफ्फरपुर, 18 अगस्त (आईएएनएस)। मुजफ्फरपुर में सरकारी सेवा में संचालित 102 नंबर की एंबुलेंस का इस्तेमाल गांजा और हथियार की तस्करी में किया गया। पुलिस ने मेडिकल कॉलेज के सुपर स्पेशलिटी ब्लॉक के पास खड़ी एक 102 एंबुलेंस से 200 ग्राम गांजा और एक देसी कट्टा बरामद करते हुए एंबुलेंस चालक और एक टेक्नीशियन को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई 17 अगस्त की देर रात की है। मेडिकल कॉलेज परिसर स्थित ओपी के पदाधिकारी को सूचना मिली थी कि सुपर स्पेशलिटी ब्लॉक के पास खड़ी एक एंबुलेंस में गांजा और देसी कट्टा रखा हुआ है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित एंबुलेंस की घेराबंदी की और उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान एंबुलेंस से करीब 200 ग्राम गांजा और एक देसी कट्टा बरामद किया गया।
पुलिस ने मौके से एंबुलेंस चालक और उसके साथ मौजूद एक टेक्नीशियन को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सरबजीत कुमार और मनोहर कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने बरामद गांजा और देसी कट्टा जब्त कर लिया है और आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने बताया कि एंबुलेंस में इस तरह हथियार और गांजा लेकर परिचालन करना बेहद गंभीर मामला है। उन्होंने कहा कि जानकारी के मुताबिक यह 102 एंबुलेंस बोंचांहा से मेडिकल कॉलेज के सुपर स्पेशलिटी ब्लॉक तक आई थी। पुलिस अब इस पूरे मामले की जांच कर रही है।
गिरफ्तार सरबजीत कुमार तुर्की थाना क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है, जबकि मनोहर कुमार औराई थाना क्षेत्र का निवासी है। पुलिस दोनों के आपराधिक इतिहास को भी खंगाल रही है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि 200 ग्राम गांजा और देसी कट्टा एंबुलेंस में कब और कहां रखा गया था। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि क्या इस एंबुलेंस का इस्तेमाल पहले भी किसी अवैध गतिविधि के लिए किया गया था। पुलिस को उम्मीद है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और अन्य साक्ष्यों के आधार पर इस मामले से जुड़े दूसरे लोगों तक पहुंचा जा सकेगा।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   18 Aug 2026 11:35 PM IST












