प्रीति झंगियानी न ऑडिशन, न कोई प्लानिंग, अचानक आया फोन और मिल गई 'मोहब्बतें'
मुंबई, 17 अगस्त (आईएएनएस)। 'मोहब्बतें' फिल्म में सादगी और चेहरे पर मासूमियत लिए अभिनेत्री प्रीति झंगियानी ने साल 2000 में बड़े पर्दे पर कदम रखा और रातोंरात स्टार बन गईं। फिल्म में उनके साथ शाहरुख खान, अमिताभ बच्चन, जिमी शेरगिल, उदय चोपड़ा, शमिता शेट्टी और किम शर्मा जैसे कलाकार थे।
प्रीति के लिए यह शुरुआत किसी सपने जैसी थी, क्योंकि उन्होंने कभी एक्ट्रेस बनने के बारे में सोचा भी नहीं था। हैरत की बात यह है कि जिस फिल्म ने उन्हें बॉलीवुड में पहचान दी, उसके लिए उन्होंने कोई ऑडिशन तक नहीं दिया था।
प्रीति झंगियानी का जन्म 18 अगस्त 1980 को मुंबई में एक सिंधी परिवार में हुआ था। एक्टिंग की दुनिया में आने से पहले वह मॉडलिंग करती थीं। साल 1997 में उन्हें राजश्री प्रोडक्शंस के म्यूजिक एल्बम 'ये है प्रेम' में काम करने का मौका मिला। इस म्यूजिक वीडियो से उन्हें अच्छी पहचान मिली, और इसके बाद वह कई विज्ञापनों में भी नजर आईं।
फिल्मों में उनकी शुरुआत हिंदी सिनेमा से नहीं, बल्कि दक्षिण भारतीय फिल्मों से हुई। साल 1999 में उन्होंने मलयालम फिल्म 'मजहविल' में काम किया। इसी दौर में वह तेलुगु फिल्म 'थम्मुडु' में भी नजर आईं। इसके बाद उनके लिए बॉलीवुड का दरवाजा खुला। यहां पहुंचने की कहानी काफी अलग थी।
प्रीति ने एक इंटरव्यू में खुद बताया था कि उन्हें यशराज फिल्म्स के ऑफिस से अचानक फोन आया था। उन्हें आदित्य चोपड़ा से मिलने के लिए बुलाया गया। उन्होंने 'मोहब्बतें' के लिए कोई ऑडिशन नहीं दिया था।
इसके बाद साल 2000 में 'मोहब्बतें' रिलीज हुई और प्रीति की जिंदगी बदल गई। फिल्म में उन्होंने किरण का किरदार निभाया, जो जिमी शेरगिल के किरदार करण चौधरी से प्यार करती है। फिल्म की कहानी और गाने लोगों को खूब पसंद आए और प्रीति की मासूम छवि दर्शकों के दिलों में बस गई। उनके अभिनय की शुरुआत इतनी सफल रही कि उन्हें आईफा अवॉर्ड में 'स्टार डेब्यू ऑफ द ईयर-फीमेल' का पुरस्कार मिला। उन्हें कुछ दूसरे अवॉर्ड्स के लिए भी नामांकन मिला था।
'मोहब्बतें' के बाद प्रीति के पास काम की कमी नहीं रही। उन्होंने 'ना तुम जानो ना हम', 'आवारा पागल दीवाना', 'वाह! तेरा क्या कहना', 'बाज : ए बर्ड इन डेंजर', 'एलओसी कारगिल', 'आन: मेन एट वर्क', 'विक्टोरिया नंबर 203' और 'चांद के पार चलो' जैसी फिल्मों में काम किया।
उन्होंने हिंदी के अलावा तेलुगु, तमिल, कन्नड़, पंजाबी, बंगाली और राजस्थानी फिल्मों में भी अभिनय किया। हालांकि, उन्हें 'मोहब्बतें' जैसी बड़ी सफलता दोबारा नहीं मिली।
करियर के बीच प्रीति ने शादी और परिवार को भी समय दिया। उन्होंने अभिनेता परविन डबास से 23 मार्च 2008 को शादी की। दोनों के दो बेटे हैं। इसके बाद प्रीति ने कुछ समय फिल्मों से दूरी बनाए रखी। लेकिन उन्होंने अभिनय को पूरी तरह छोड़ा नहीं। साल 2017 में उनकी राजस्थानी फिल्म 'तावड़ो: द सनलाइट' आई, जिसमें उनके काम को काफी सराहना मिली और उन्हें बेस्ट एक्ट्रेस का पुरस्कार भी मिला। बाद में वह 'कफस' जैसी वेब सीरीज में नजर आईं और 2025 में 'उदयपुर फाइल्स' में भी दिखाई दीं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   17 Aug 2026 10:37 PM IST












