स्पष्ट संदेश: एनडीए में जाने की अटकलों पर शरद पवार बोले - हम विपक्ष में ही हैं, कोई भी कार्यकर्ता भ्रम में न रहे, जोर-शोर से पार्टी का काम करें

एनडीए में जाने की अटकलों पर शरद पवार बोले - हम विपक्ष में ही हैं, कोई भी कार्यकर्ता भ्रम में न रहे, जोर-शोर से पार्टी का काम करें
  • एनडीए में जाने की अटकलों पर शरद पवार का पार्टी पदाधिकारियों को स्पष्ट संदेश
  • सुप्रिया सुले ने भी दिया सरकार के खिलाफ संघर्ष का संदेश
  • जिलाध्यक्षों को संगठन मजबूत करने के निर्देश

Mumbai News. राकांपा (शरद) के राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के साथ जाने की पिछले कुछ दिनों से चल रही चर्चाओं पर अब पार्टी प्रमुख शरद पवार का स्पष्ट रुख सामने आया है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक शरद गुट की बैठक में शरद पवार ने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को साफ संदेश दिया कि हम विपक्ष में ही हैं, कोई भी भ्रम में न रहे और सभी जोर-शोर से काम करें। पवार के इस बयान के बाद राकांपा (शरद) के एनडीए में शामिल होने की अटकलों पर विराम लगने के संकेत मिल रहे हैं। दरअसल कुछ दिनों पहले पवार और उनके सांसदों की प्रधानमंत्री से मुलाकात के बाद शरद गुट के एनडीए के साथ जाने की चर्चाओं ने राजनीतिक हलकों में जोर पकड़ा था।

विपक्ष में ही हैं, जोश के साथ काम करें

राकांपा (शरद) के एक वरिष्ठ नेता के मुताबिक रविवार को पार्टी की बैठक में शरद पवार ने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को किसी भी तरह के भ्रम में नहीं रहने की सलाह दी। उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा कि पार्टी विपक्ष में ही है और कार्यकर्ताओं को पूरी ताकत के साथ संगठनात्मक काम करना चाहिए। पवार के इस संदेश को आगामी राजनीतिक और संगठनात्मक तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। साथ ही इससे महाविकास आघाड़ी के भीतर एनडीए को लेकर पैदा हुए संभावित भ्रम को भी दूर करने में मदद मिल सकती है।

सुप्रिया सुले ने भी दिया सरकार के खिलाफ संघर्ष का संदेश

इसी बीच सांसद सुप्रिया सुले ने भी बैठक में एनडीए के साथ जाने की चर्चाओं को लेकर कहा कि हाल ही में समाप्त हुए संसद के मानसून सत्र के दौरान सरकार के खिलाफ उनके द्वारा किए गए भाषणों का हवाला दिया। उन्होंने पदाधिकारियों का ध्यान इस ओर दिलाया कि जिस तरह आम लोगों के मुद्दों को लेकर संसद में सरकार के खिलाफ लड़ाई लड़ी जा रही है, उसी तरह अब सड़क पर भी जनता के सवालों को लेकर संघर्ष तेज करना होगा।

जिलाध्यक्षों को संगठन मजबूत करने के निर्देश

सुले ने जिलाध्यक्षों को अपने-अपने जिलों में संगठन को मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जहां भी पार्टी के संगठनात्मक पद खाली हैं, उन्हें तत्काल भरा जाए और पदाधिकारी काम में जुट जाएं।उन्होंने यह भी बताया कि वह जल्द ही महाराष्ट्र का दौरा करेंगी और इस दौरान आम जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाया जाएगा। बैठक में विदर्भ, पश्चिम महाराष्ट्र, उत्तर महाराष्ट्र और मराठवाड़ा के जिलों का संगठनात्मक आकलन किया गया। बाकी जिलों के कार्यकर्ताओं के साथ भी जल्द ही बैठक होगी।

Created On :   17 Aug 2026 10:37 PM IST

Tags

Next Story