संतुलन साधने की कोशिश: महायुति में नाशिक और रायगड के पालकमंत्री का पेंच सुलझा, गोगावले रायगड और गिरीश महाजन को नाशिक की जिम्मेदारी

महायुति में नाशिक और रायगड के पालकमंत्री का पेंच सुलझा, गोगावले रायगड और गिरीश महाजन को नाशिक की जिम्मेदारी
  • गोगावले रायगड और भाजपा के गिरीश महाजन नाशिक के पालकमंत्री बने
  • रायगड में गोगावले और तटकरे के बीच विवाद पर लगा विराम

Mumbai News. रायगड के पालकमंत्री पद को लेकर चल रही सियासी रस्साकशी पर आखिरकार विराम लग गया है। राज्य सरकार ने 17 अगस्त 2026 को शासनादेश जारी कर शिवसेना (शिंदे) के मंत्री भरत गोगावले को रायगड का पालकमंत्री नियुक्त किया है। वहीं भाजपा के मंत्री गिरीश महाजन को नाशिक के पालकमंत्री की जिम्मेदारी दी गई है। रायगड के पालकमंत्री पद को लेकर महायुति के भीतर लंबे समय से भरत गोगावले और राकांपा (अजित) की मंत्री आदिती तटकरे के बीच सियासी खींचतान चल रही थी। दोनों ही इस पद पर अपना दावा कर रहे थे। तटकरे पहले भी रायगड की पालकमंत्री रह चुकी हैं। जबकि गोगावले लगातार इस पद के लिए अपनी दावेदारी जताते रहे थे।

महायुति के भीतर संतुलन साधने की कोशिश

गोगावले की नियुक्ति को महायुति के भीतर सहयोगी दलों के बीच संतुलन साधने वाले फैसले के तौर पर भी देखा जा रहा है। जबकि कुछ राजनीतिक विश्लेषक इसे रायगड में शिवसेना (शिंदे) को राजनीतिक बढ़त और तटकरे गुट के लिए झटका मान रहे हैं।

नाशिक में गिरीश महाजन को ताकत

भाजपा के वरिष्ठ नेता और मंत्री गिरीश महाजन को नाशिक का पालकमंत्री बनाया गया है। पिछले दिनों कुम्भ मेला पर जारी पुस्तिका में महाजन का नाम बतौर पालकमंत्री छपने के बाद सियासी बयानबाजी तेज हो गई थी। महाजन को नाशिक में लगनेवाले कुम्भ मेला तैयारियों की जिम्म्दारी भी दी गई है।

Created On :   17 Aug 2026 10:27 PM IST

Tags

Next Story