सरल प्रक्रिया: आदिति तटकरे ने कहा - लेक लाडकी योजना का लाभ अब और आसान, सीधे खाते में जमा होगी राशि

आदिति तटकरे ने कहा - लेक लाडकी योजना का लाभ अब और आसान, सीधे खाते में जमा होगी राशि
  • बैंक खाते की जानकारी अलग से देने की जरूरत नहीं
  • 18 वर्ष की उम्र तक लड़कियों को मिलेंगे 1 लाख एक हजार
  • बैंक खाते की जानकारी अलग से देने की जरूरत नहीं

Mumbai News. राज्य सरकार ने बेटियों के सशक्तिकरण के लिए चलाई जा रही ‘लेक लाडकी’ योजना की आवेदन प्रक्रिया को और सरल कर दिया है। अब पात्र लाभार्थियों के माता-पिता ‘आपले सरकार’ पोर्टल के माध्यम से सीधे ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। महिला एवं बाल विकास मंत्री आदिती तटकरे ने बताया कि नई व्यवस्था में आवेदन के लिए आवश्यक दस्तावेजों की संख्या भी काफी कम की जाएगी। मौजूदा प्रक्रिया के तहत अब पोर्टल पर पंजीकृत होने वाले नए मामलों में बच्ची के जन्म के एक वर्ष के भीतर आवेदन करना अनिवार्य होगा।

आधार से अपने आप जुटेगी जानकारी

नई सरल प्रक्रिया में आधार नंबर के आधार पर जरूरी जानकारी ऑटो-फेच की जाएगी। लाभार्थी बच्ची, उसकी माता और पिता की ई-केवाईसी की जाएगी। इससे बार-बार दस्तावेज जमा करने की आवश्यकता नहीं होगी। साथ ही, योजना की अगली किस्तों के लिए अलग से आवेदन करने की जरूरत भी नहीं पड़ेगी।

बैंक खाते की जानकारी अलग से देने की जरूरत नहीं

योजना के तहत मिलने वाली आर्थिक सहायता डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से संबंधित बैंक खाते में सीधे जमा की जाएगी। इसलिए लाभार्थियों को बैंक खाते की अलग से जानकारी देने की आवश्यकता नहीं होगी। इसके अलावा, आवेदन के दौरान आंगनबाड़ी केंद्र से संबंधित जानकारी भी लाभार्थियों को भरनी नहीं होगी। सरकार का मानना है कि इन बदलावों से आवेदन प्रक्रिया तेज, पारदर्शी और लाभार्थी-केंद्रित बनेगी तथा अधिक से अधिक पात्र बेटियों को योजना का लाभ मिल सकेगा।

बेटी के जन्म से 18 साल की उम्र तक 1 लाख 1 हजार रुपए की मदद

महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से संचालित इस योजना का उद्देश्य बेटियों की शिक्षा को बढ़ावा देना, उनका सशक्तिकरण करना और समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना है।1 अप्रैल 2023 या उसके बाद जन्म लेने वाली पात्र बेटियों को योजना के तहत कुल एक लाख एक हजार रुपए की आर्थिक सहायता दी जाती है। इसमें जन्म के बाद 5 हजार, पहली कक्षा में प्रवेश पर 6 हजार, छठी कक्षा में प्रवेश पर 7 हजार, 11वीं कक्षा में प्रवेश पर 8 हजार और 18 वर्ष की आयु पूरी होने पर 75 हजार रुपए दिए जाते हैं।

Created On :   16 Aug 2026 9:34 PM IST

Tags

Next Story