विशेष मार्गदर्शन: कांग्रेस के जिला अध्यक्षों के लिए नाशिक में 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर, राहुल गांधी करेंगे मार्गदर्शन

कांग्रेस के जिला अध्यक्षों के लिए नाशिक में 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर, राहुल गांधी करेंगे मार्गदर्शन
  • 24 अगस्त से 2 सितंबर तक चलेगा शिविर
  • प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर के नेता भी रहेंगे उपस्थित

Mumbai News. कांग्रेस के ‘संगठन सृजन अभियान’ के तहत कांग्रेस जिला अध्यक्षों के लिए नाशिक में 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर 24 अगस्त से 2 सितंबर तक आयोजित होगा। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रशिक्षण विभाग के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी सभी प्रशिक्षणार्थियों का विशेष मार्गदर्शन करेंगे। इस शिविर में आगामी समय में कांग्रेस की दृष्टि और दिशा, पार्टी के सामने मौजूद चुनौतियां, संगठनात्मक तैयारी, कांग्रेस की विचारधारा और देश की राजनीति में पार्टी की भूमिका जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा होगी।

प्रदेश कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता के मुताबिक इस शिविर में नई पीढ़ी के कार्यकर्ताओं के मन में मौजूद सवालों, अपेक्षाओं, मुद्दों और राजनीतिक दृष्टिकोण को भी संवाद में विशेष महत्व दिया जाएगा। राज्य और राष्ट्रीय स्तर के विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिष्ठित विशेषज्ञ एवं विद्वान इस शिविर में मार्गदर्शन करेंगे। राष्ट्रीय वॉर रूम के अध्यक्ष एवं सांसद शशिकांत सेंथिल तीन दिनों तक विशेष सत्र आयोजित करेंगे। प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल के साथ कांग्रेस के राष्ट्रीय एवं प्रदेश स्तर के वरिष्ठ नेता भी प्रशिक्षणार्थियों से संवाद करेंगे। बदलती सामाजिक एवं राजनीतिक परिस्थितियों का अध्ययन करते हुए जनता से प्रत्यक्ष संपर्क, संगठनात्मक कौशल, वैचारिक स्पष्टता और नेतृत्व क्षमता, इन चारों पहलुओं को विकसित करने का प्रयास इस प्रशिक्षण के माध्यम से किया जाएगा। शिविर के आखिरी दिन यानी 2 सितंबर को राहुल गांधी जिलाध्यक्षों का मार्गदर्शन करेंगे।

Created On :   13 Aug 2026 10:30 PM IST

Tags

Next Story