हड़कंप: चर्चगेट आयकर भवन के रेकॉर्ड सेक्शन में लगी आग, दमकल विभाग ने 28 कर्मचारियों को सुरक्षित निकाला

चर्चगेट आयकर भवन के रेकॉर्ड सेक्शन में लगी आग, दमकल विभाग ने 28 कर्मचारियों को सुरक्षित निकाला
  • सोमवार को आग लगने की दो घटना में 39 की जान बची
  • सीढ़ियों के जरिये चलाया बचाव कार्य

Mumbai News. चर्चगेट में स्थित आयकर भवन में सोमवार दोपहर दो बजे के लगभग आग लग गई। आग इमारत के बेसमेंट में स्थित रिकॉर्ड रूम में लगी थी। इसकी सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे दमकल विभाग ने 28 कर्मचारियों को इमारत के अलग-अलग हिस्से से बाहर निकाला। इसके पहले सोमवार तड़के चार बजे कांदिवली के तिरुपति बैंक्वेट में भी आग लगी थी। जिसमें दमकल विभाग ने 11 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। दोनों ही घटनाओं में कोई जनहानि की सूचना नहीं है और 39 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। मुंबई फायर ब्रिगेड के अनुसार आयकर भवन के बेसमेंट में आग लगने से पूरी इमारत में धुआं भर गया। इससे लोगों को सांस लेने में परेशानी हो रही थी। बेसमेंट में आयकर विभाग का पुराना रिकॉर्ड सेक्शन है। जो जलकर खाक हो गया है। 6 मंजिला इस इमारत के तहखाने में 7000 से 8000 वर्ग फुट के क्षेत्र में बिजली के तार, उपकरण, पुराने अभिलेख, कबाड़ सामग्री, रद्द किए गए अभिलेख, कागजों के भंडार रखे गए थे। आग लगने के बाद धुआं तेजी से ऊपरी की मंजिल पर फैल गया। इसकी सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे फायर ब्रिगेड ने धुआं निकालने वाले यंत्रों की मदद से और खिड़कियों के शीशे तोड़कर वेंटिलेशन की जगह बनाई।

सीढ़ियों के जरिये चलाया बचाव कार्य

आग के धुएं में से दमकल विभाग ऊपरी मंजिल से 15 लोगों को सीढ़ियों के जरिये नीचे लाया। इसके अलावा पहली मंजिल से एंगस सीढ़ी की मदद से 5 लोगों को बचाया गया। जबकि छत पर शरण लिए हुए 8 लोगों को टीटीएल की मदद से नीचे लाया गया। आयकर भवन इमारत के बेसमेंट में जब आग लगी तब वहां एक कर्मचारी खाना खा रहा था। उसने छोटी आग होने की उधेड़बुन में घटना को नजरअंदाज किया। इसके बाद बेसमेंट में धुआं भर गया जिससे कर्मचारी वहीं फंस गया। उसकी सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड ने कर्मचारी को बाहर निकाला।

कांदिवली में आग से दिक्कत

वहीं सुबह चार बजे कांदिवली पश्चिम के स्टेशन रोड पर स्थित चार मंजिला तिरुपति बैंक्वेट होटल की चौथी मंजिल पर आग लग गई। आग की सूचना मिलने पर पहुंचे फायर ब्रिगेड के जवानों ने 11 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। सुबह 4 बजे लगी आग पर दो घंटे बाद 6 बजे काबू पाया लिया गया।

Created On :   17 Aug 2026 10:33 PM IST

Tags

Next Story