नवरात्र का तीसरा दिन, तृतीया तिथि पर 'गणगौर', यहां देखें शुभ-अशुभ समय व संपूर्ण पंचांग

नवरात्र का तीसरा दिन, तृतीया तिथि पर गणगौर, यहां देखें शुभ-अशुभ समय व संपूर्ण पंचांग
शक्ति की आराधना को समर्पित नवरात्रि का तीसरा दिन शनिवार को है। खास बात है कि इस दिन देवाधिदेव महादेव और माता गौरा के पूजन का दिन यानी गणगौर भी पड़ रहा है। धार्मिक मान्यता है कि शिव-पार्वती की पूजा से कन्याओं को मनचाहा वर, विवाहिताओं को सुख-समृद्धि की प्राप्ति होती है।

नई दिल्ली, 20 मार्च (आईएएनएस)। शक्ति की आराधना को समर्पित नवरात्रि का तीसरा दिन शनिवार को है। खास बात है कि इस दिन देवाधिदेव महादेव और माता गौरा के पूजन का दिन यानी गणगौर भी पड़ रहा है। धार्मिक मान्यता है कि शिव-पार्वती की पूजा से कन्याओं को मनचाहा वर, विवाहिताओं को सुख-समृद्धि की प्राप्ति होती है।

दृक पंचांग के अनुसार शनिवार को चैत्र मास, शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि है, जिसे गणगौर के रूप में मनाया जाता है। यह पर्व मुख्य रूप से ब्रज क्षेत्र में लोकप्रिय है। गणगौर में 'गण' का अर्थ भगवान शिव और 'गौर' का अर्थ माता पार्वती से है। कई जगहों पर शिव को 'ईसर जी' और पार्वती को 'गौरा माता' या 'गवरजा जी' के नाम से पूजा जाता है। इस व्रत और पूजन का विशेष महत्व है। अविवाहित कन्याएं पूर्ण श्रद्धा से व्रत रखकर मनचाहा वर प्राप्ति की कामना करती हैं, जबकि विवाहित महिलाएं अपने पति की दीर्घायु, स्वास्थ्य और सुख-समृद्धि के लिए पूजा करती हैं। गणगौर की पूजा में महिलाएं विधि-विधान से पूजन करती हैं।

नवरात्र के तीसरे दिन सूर्योदय 6 बजकर 24 मिनट पर और सूर्यास्त शाम 6 बजकर 33 मिनट पर होगा। शुक्ल तृतीया रात 11 बजकर 56 मिनट तक है। नक्षत्र अश्विनी 21 को पूरे दिन और 22 मार्च की देर रात 12 बजकर 37 मिनट तक है। योग इन्द्र शाम 7 बजकर 1 मिनट तक, करण तैतिल दोपहर 1 बजकर 14 मिनट तक है।

21 मार्च के शुभ मुहूर्त की बात करें तो ब्रह्म मुहूर्त सुबह 4 बजकर 49 मिनट से 5 बजकर 37 मिनट तक, अभिजित मुहूर्त दोपहर 12 बजकर 4 मिनट से 12 बजकर 53 मिनट तक, विजय मुहूर्त दोपहर 2 बजकर 30 मिनट से 3 बजकर 18 मिनट तक और गोधूलि मुहूर्त शाम 6 बजकर 32 मिनट से 6 बजकर 55 मिनट तक है। वहीं, अमृत काल शाम 5 बजकर 58 मिनट से 7 बजकर 27 मिनट तक रहेगा।

अशुभ समय का विचार भी महत्वपूर्ण है। इस दिन राहुकाल सुबह 9 बजकर 26 मिनट से 10 बजकर 57 मिनट तक, यमगंड दोपहर 2 बजे से 3 बजकर 31 मिनट तक और गुलिक काल सुबह 6 बजकर 24 मिनट से 7 बजकर 55 मिनट तक रहेगा। इस दौरान कोई नया या शुभ कार्य करना वर्जित रहता है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   20 March 2026 8:49 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story