नक्सलवाद के खिलाफ सरकार की बड़ी सफलता, भाजपा नेताओं ने केंद्र सरकार की रणनीति को सराहा

नई दिल्ली, 4 नवंबर (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल में भाजपा नेताओं और मंत्रियों ने नक्सलवाद के खिलाफ केंद्र सरकार की कार्रवाई और सुरक्षा बलों की उपलब्धियों को बड़ी सफलता बताया है। केंद्रीय राज्यमंत्री सुकांत मजूमदार, पश्चिम बंगाल के मंत्री उमेश राय और अग्निमित्रा पॉल सहित भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद जफर इस्लाम ने केंद्र सरकार की नीतियों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना की। नेताओं ने कहा है कि सुरक्षा बलों के बेहतर प्रबंधन, आधुनिक उपकरणों और रणनीतिक अभियानों के कारण नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई में सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं।
केंद्रीय राज्य मंत्री सुकांत मजूमदार ने कहा कि यह देश और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के लिए बड़ी उपलब्धि है। केंद्र सरकार हमेशा से सुरक्षाकर्मियों को बेहतर सुविधाएं और आधुनिक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने के लिए प्रयासरत रही है। इसमें बुलेटप्रूफ जैकेट, हेलमेट और अन्य आवश्यक उपकरण शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि जो जवान देश की रक्षा के लिए अपनी जान जोखिम में डालते हैं, वे सर्वोत्तम सुरक्षा और देखभाल के हकदार हैं। प्रधानमंत्री की प्राथमिकता हमेशा से सुरक्षाकर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना रही है।
वहीं, पश्चिम बंगाल के मंत्री उमेश राय ने कहा कि यह बदलते भारत की तस्वीर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्पष्ट किया था कि आने वाले समय में ऐसी व्यवस्था की जाएगी, जिससे नक्सलवाद को जड़ से समाप्त किया जा सके। उन्होंने कहा कि इसी रणनीति का परिणाम है कि पिछले एक वर्ष में नक्सली अभियानों के दौरान सीआरपीएफ के किसी जवान की मौत नहीं हुई है। सरकार सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने में सफल रही है और आने वाले दिनों में इसे और मजबूत किया जाएगा।
उमेश राय ने कहा कि केंद्र सरकार और सुरक्षा बलों की ओर से केंद्रीय बलों पर होने वाले हमलों को रोकने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिए योजनाबद्ध तरीके से काम किया गया है, जिसके परिणाम अब दिखाई देने लगे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी और देश में अशांति तथा अराजकता फैलाने वाली गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण किया जाएगा।
पश्चिम बंगाल सरकार की मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने भी केंद्र सरकार की उपलब्धियों की सराहना की। उन्होंने इसे बड़ी सफलता बताते हुए कहा कि 26 नवंबर 2008 को मुंबई में हुए आतंकी हमले में कई लोगों की जान गई थी। उन्होंने तत्कालीन यूपीए सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उस समय आतंकवाद के खिलाफ प्रभावी जवाब देने का राजनीतिक साहस नहीं दिखाया गया। वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सरकार बनने के बाद देश की सुरक्षा नीति में बदलाव आया है और दुश्मन देश अब भारत की ताकत को लेकर सतर्क है।
वहीं, भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद जफर इस्लाम ने इसे केंद्र सरकार की बड़ी उपलब्धि करार दिया। उन्होंने कहा कि सीआरपीएफ ने बड़े स्तर पर कई अभियान चलाए लेकिन इसके बावजूद एक भी जवान की जान नहीं गई। यह सुरक्षा बलों की कार्यक्षमता और बेहतर रणनीति का प्रमाण है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए सीआरपीएफ के जवानों और अधिकारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि आज पूरा देश देख रहा है कि भारत पहले की तुलना में कितना मजबूत हुआ है और सुरक्षा के मोर्चे पर लगातार अपना क्षमता बढ़ा रहा है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
