एनसीईआरटी पेपर खरीद में 441 करोड़ के घोटाले का आरोप, 'आप' ने उठाए गंभीर सवाल

नई दिल्ली, 23 नवंबर (आईएएनएस)। आम आदमी पार्टी ने केंद्र की मोदी सरकार के अधीन शिक्षा विभाग और राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एनसीईआरटी) पर बच्चों की किताबों की छपाई के लिए कागज खरीदने में 441 करोड़ रुपए के कथित घोटाले का आरोप लगाया है।
पार्टी के नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने दावा किया कि एनसीईआरटी ने कागज की खरीद का ठेका दो ऐसी कंपनियों को दिया, जिन्हें असम सरकार पहले ही ब्लैकलिस्ट कर चुकी थी।
आरोप है कि इन कंपनियों को पिछले साल की तुलना में करीब डेढ़ गुना अधिक कीमत पर कागज आपूर्ति का ठेका दिया गया। पार्टी ने इस मामले की ईडी और सीबीआई से जांच कराने की मांग की है। संजय सिंह ने कहा कि देश का शिक्षा विभाग लगातार विवादों और कथित घोटालों को लेकर चर्चा में है। अब बच्चों की पाठ्यपुस्तकों की छपाई के लिए खरीदे जाने वाले कागज की खरीद में अनियमितताओं का मामला सामने आया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि एनसीईआरटी ने शाह पेपर मिल्स लिमिटेड और सिल्वर टोन इंडस्ट्रीज लिमिटेड को करीब 441 करोड़ रुपए के कागज की आपूर्ति का ठेका दिया, जबकि दोनों कंपनियां पहले से ब्लैकलिस्टेड थीं। संजय सिंह के मुताबिक, सरकारी नियमों के तहत ब्लैकलिस्टेड कंपनियां निर्धारित अवधि तक सरकारी टेंडर प्रक्रिया में हिस्सा नहीं ले सकतीं। इसके बावजूद इन कंपनियों को एनसीईआरटी की ओर से ठेका दिया जाना गंभीर सवाल खड़े करता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि टेंडर प्रक्रिया में दोनों कंपनियों ने आपस में प्रतिस्पर्धा का दिखावा किया, जबकि उनके बीच मिलीभगत की आशंका है। कंपनियों द्वारा एक ही आईपी एड्रेस से टेंडर दाखिल किए जाने का मामला भी सामने आया है।
उन्होंने कागज की कीमतों में बढ़ोतरी पर भी सवाल उठाए। संजय सिंह ने बताया कि पिछले साल एनसीईआरटी ने कागज की खरीद 60.05 रुपए प्रति किलोग्राम की दर से की थी, जबकि इस बार कीमत बढ़ाकर 88.20 रुपए प्रति किलोग्राम कर दी गई। उनका दावा है कि यह बाजार दर से करीब 47 प्रतिशत अधिक है। उन्होंने कहा कि इनमें से एक कंपनी ने एनसीईआरटी को पत्र लिखकर 60 रुपए प्रति किलो वाला कागज 75 रुपए प्रति किलो की दर से उपलब्ध कराने की पेशकश की थी। इसके बावजूद एनसीईआरटी ने 88.20 रुपए प्रति किलो की दर से खरीद की।
उन्होंने पूछा कि जब कम कीमत पर कागज उपलब्ध हो सकता था तो इतनी अधिक कीमत क्यों चुकाई गई। संजय सिंह ने यह भी दावा किया कि एनसीईआरटी ने खुद इन कंपनियों की गतिविधियों की जांच के लिए भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (सीसीआई) को पत्र लिखा था। ऐसे में सवाल उठता है कि जिन कंपनियों के खिलाफ पहले से शिकायतें और जांच की मांग मौजूद थीं, उन्हें इतना बड़ा ठेका कैसे दे दिया गया।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से जवाब मांगते हुए आरोप लगाया कि इस पूरे मामले में भ्रष्टाचार हुआ है और जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की जांच होनी चाहिए। आप के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा कि वर्ष 2024-25 में असम सरकार ने दोनों कंपनियों को एक ही आईपी एड्रेस से टेंडर दाखिल करने के मामले में ब्लैकलिस्ट किया था। नियमों के मुताबिक, ब्लैकलिस्ट होने के बाद तीन साल तक कंपनियां सरकारी टेंडर में हिस्सा नहीं ले सकती थीं।
उन्होंने बताया कि एनसीईआरटी के टेंडर की शर्तों में भी स्पष्ट था कि वर्ष 2023-24, 2024-25 और 2025-26 के दौरान किसी भी राज्य में ब्लैकलिस्ट की गई कंपनी टेंडर प्रक्रिया में भाग नहीं ले सकती। सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया कि इसके बावजूद दोनों कंपनियों को तकनीकी रूप से योग्य घोषित कर दिया गया। टेंडर में कंपनियों को पिछले तीन वर्षों में ब्लैकलिस्टेड नहीं होने का हलफनामा देना था, लेकिन दोनों कंपनियों ने कथित तौर पर गलत जानकारी देकर टेंडर हासिल किया।
उन्होंने कहा कि एनसीईआरटी को इस मामले में कंपनियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें दोबारा ब्लैकलिस्ट करना चाहिए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि एनसीईआरटी ने वर्ष 2024 में इन कंपनियों के खिलाफ कार्टेलाइजेशन यानी आपसी मिलीभगत कर बाजार और टेंडर प्रक्रिया को प्रभावित करने की शिकायत सीसीआई से की थी। वर्ष 2025 में प्रतिस्पर्धा आयोग की ओर से इन कंपनियों के परिसरों पर छापेमारी भी की गई थी। ऐसे में एनसीईआरटी को कंपनियों की पृष्ठभूमि की जानकारी होने के बावजूद उन्हें ठेका दिया जाना गंभीर अनियमितता का संकेत है।
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि इस पूरे मामले में सरकार को हुए वित्तीय नुकसान की जांच होनी चाहिए। वहीं संजय सिंह ने मांग की कि 441 करोड़ रुपए के पेपर खरीद मामले की ईडी और सीबीआई से निष्पक्ष जांच कराई जाए। उन्होंने कहा कि जांच के जरिए यह स्पष्ट होना चाहिए कि टेंडर किन परिस्थितियों में दिया गया और इसमें अधिकारियों की क्या भूमिका रही।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
