एनडीए के नेताओं ने बिहार एमएलसी चुनाव में सभी आठों सीटों पर जीत का किया दावा

एनडीए के नेताओं ने बिहार एमएलसी चुनाव में सभी आठों सीटों पर जीत का किया दावा
बिहार में एमएलसी चुनाव को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय महासचिव श्याम रजक ने एनडीए की जीत का भरोसा जताते हुए दावा किया कि गठबंधन सभी आठ सीटों पर जीत दर्ज करेगा। वहीं, बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कांग्रेस और इंडी गठबंधन पर देश में गलत नैरेटिव फैलाने का आरोप लगाया। इस बीच, बिहार सरकार के मंत्रियों ने भी चुनावी मुद्दों और विपक्ष की प्रस्तावित रैली को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है।

नई दिल्ली, 27 अक्टूबर (आईएएनएस)। बिहार में एमएलसी चुनाव को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय महासचिव श्याम रजक ने एनडीए की जीत का भरोसा जताते हुए दावा किया कि गठबंधन सभी आठ सीटों पर जीत दर्ज करेगा। वहीं, बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कांग्रेस और इंडी गठबंधन पर देश में गलत नैरेटिव फैलाने का आरोप लगाया। इस बीच, बिहार सरकार के मंत्रियों ने भी चुनावी मुद्दों और विपक्ष की प्रस्तावित रैली को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है।

पटना में जदयू के राष्ट्रीय महासचिव श्याम रजक ने एमएलसी चुनाव के नतीजों को लेकर कहा कि जनता का समर्थन एनडीए के साथ है। उन्होंने कहा, “हमारी जीत जनता की जीत है। जनता ने हमारे उम्मीदवारों के कामों को देखा है। साथ ही, वह हमारी पार्टी के कार्यों को भी देख रही है और उनका लाभ उठा रही है।”

श्याम रजक ने शिक्षा के क्षेत्र में हुए कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि इन प्रयासों से लोगों के जीवन में बदलाव आया है और उन्हें लाभ मिला है। उन्होंने विश्वास जताया कि एनडीए सभी आठ सीटों पर जीत हासिल करेगा। उनके मुताबिक, जनता गठबंधन को बड़े स्तर पर समर्थन और जनादेश देगी।

श्याम रजक ने एनडीए और इंडी गठबंधन के बीच बुनियादी अंतर बताते हुए विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि एनडीए के नेता जनता के घरों और दरवाजों तक पहुंचते हैं जबकि इंडिया गठबंधन के नेता एक जगह इकट्ठा होकर उत्सव मनाते हैं। उन्होंने विपक्ष पर जनता की कमाई से अर्जित संपत्ति का भ्रष्टाचार के जरिए इस्तेमाल करने का आरोप भी लगाया।

बिहार सरकार के मंत्री रामकृपाल यादव ने मतदाताओं को प्रलोभन देने के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि हारने वाले उम्मीदवार इस मुद्दे को उठा रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस मामले को लेकर याचिका सुप्रीम कोर्ट में भी दायर की गई थी। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट में चुनाव आयुक्त से सवाल पूछे जाने पर चुनाव आयोग की ओर से बताया गया कि उसके फैसले सर्वसम्मति से लिए जाते हैं। मंत्री ने इस मामले में विपक्ष के आरोपों पर अपनी बात रखी।

दिल्ली में बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कांग्रेस और इंडी गठबंधन पर पूरे देश में गलत नैरेटिव बनाने की कोशिश करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इसके जवाब में भारतीय जनता पार्टी ने ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान शुरू करने का निर्णय लिया है।

संजय सरावगी ने बताया कि अभियान का पहला चरण 23 अक्टूबर से 5 नवंबर तक देशभर में चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि बिहार में इस कार्यक्रम को लेकर व्यापक तैयारियां की गई हैं। पार्टी इस अभियान के माध्यम से विपक्ष के आरोपों का जवाब देगी।

वहीं, 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में इंडी गठबंधन की प्रस्तावित रैली पर बिहार सरकार के मंत्री संतोष सुमन ने कहा कि लोकतंत्र में सभी को अपनी बात रखने का अधिकार है। यदि विपक्ष धरना या विरोध प्रदर्शन करना चाहता है, तो उसे ऐसा करने देना चाहिए।

उन्होंने कहा कि जनता ही अंतिम फैसला करती है और वह सब कुछ देख रही है। संतोष सुमन ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि देश की सबसे पुरानी पार्टी, जो कभी सबसे बड़ी हुई करती थी, आज लगातार कमजोर होती जा रही है। उन्होंने इंडी गठबंधन को नाममात्र का गठबंधन बताते हुए उसकी एकजुटता पर भी सवाल उठाए।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story