एनडीए नेताओं का राहुल गांधी पर तंज, कहा-'विदेश में रहकर पीएम बनने का सपना देख रहे हैं राहुल गांधी'

पटना, 5 नवंबर (आईएएनएस)। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के बयानों को लेकर बिहार में सियासत तेज हो गई है। जनता दल यूनाइटेड के राष्ट्रीय महासचिव श्याम रजक ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि वह एक साल तक विदेश में आराम से रह सकते हैं और उसके बाद वापस आकर प्रधानमंत्री बनने का सपना देख सकते हैं। उन्होंने इसे अवास्तविक सपना करार दिया। वहीं, 1 नवंबर को दिल्ली में आयोजित रैली को लेकर भी उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधा और इसे कारोबारियों तथा देश के वीर सैनिकों के प्रति अन्याय बताया।
जनता दल यूनाइटेड के राष्ट्रीय महासचिव श्याम रजक ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि राहुल गांधी के लिए यह अच्छी खबर है कि वह एक साल तक विदेश में रह सकते हैं और लौटकर प्रधानमंत्री बनने की कल्पना कर सकते हैं। यह केवल एक अवास्तविक सपना है।
उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी जनता के बीच रहकर काम करने में विश्वास रखती है। जेडीयू जनता के बीच लगातार काम करती रहेगी और आगामी चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) एक बार फिर सरकार बनाएगा।
दिल्ली में 1 नवंबर को आयोजित कांग्रेस की रैली पर प्रतिक्रिया देते हुए श्याम रजक ने कहा कि यह संकीर्ण सोच को दर्शाता है। उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी और विपक्ष के अन्य नेताओं को पहले ही बताया गया था कि 1 नवंबर का दिन वीर सैनिकों के नरसंहार के कारण शोक का दिन है। इसके अलावा यह त्योहारों का समय भी था, जो व्यापारियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण होता है। ऐसे समय में उस स्थान पर रैली आयोजित करना कारोबारियों के साथ अन्याय और देश के वीर सैनिकों का अपमान है।
वहीं, केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू के बयान पर बिहार सरकार के मंत्री राम कृपाल यादव ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि किरेन रिजिजू ने कांग्रेस और राहुल गांधी को सात सुझाव दिए हैं। कांग्रेस को इन सुझावों पर गंभीरता से अमल करना चाहिए, अन्यथा पार्टी की स्थिति और खराब हो सकती है। राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पूरी तरह समाप्त होने की स्थिति में पहुंच सकती है।
राम कृपाल यादव ने अग्निवीर योजना के तहत सेवा अवधि चार साल से बढ़ाकर छह साल किए जाने के फैसले का भी स्वागत किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताते हुए कहा कि यह एक सराहनीय कदम है। इससे अग्निवीरों और उनके परिवारों में उत्साह का माहौल बनेगा।
इसी मुद्दे पर जेडीयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन ने इसे ऐतिहासिक फैसला बताया। उन्होंने कहा कि अग्निवीर योजना की घोषणा के समय जेडीयू ने सेवा अवधि को लेकर कुछ सुझाव दिए थे। आधुनिक युद्ध की जरूरतों और भर्ती की शर्तों को ध्यान में रखते हुए अब शेष 75 प्रतिशत अग्निवीरों को शुरुआती सेवा पूरी करने के बाद दो साल का अतिरिक्त कार्यकाल देने का फैसला किया गया है। आवश्यक शर्तें पूरी करने वाले अग्निवीरों को नियमित सेवा में शामिल होने के और अवसर मिलेंगे।
राजीव रंजन ने दिल्ली में कांग्रेस की रैली को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सीएआईटी ने पहले ही अनुमान जताया था कि इस आयोजन के कारण व्यापारियों को 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हो सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि त्योहारों के दौरान व्यापारियों और आम जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
