एनडीए नेताओं का राहुल गांधी पर तंज, कहा-'देश की छवि विदेशों में खराब करते हैं राहुल गांधी'

एनडीए नेताओं का राहुल गांधी पर तंज, कहा-देश की छवि विदेशों में खराब करते हैं राहुल गांधी
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू की ओर से दी गई नसीहत का भाजपा और शिवसेना नेताओं ने समर्थन किया है। भाजपा विधायक राम कदम और शिवसेना नेता शायना एनसी ने राहुल गांधी की राजनीतिक कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि राजनीति में सफलता हासिल करने के लिए जनता के बीच रहना और लगातार काम करना जरूरी है। नेताओं ने राहुल गांधी पर विदेश यात्राओं के दौरान भारत की छवि खराब करने का प्रयास करने का भी आरोप लगाया।

मुंबई, 5 नवंबर (आईएएनएस)। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू की ओर से दी गई नसीहत का भाजपा और शिवसेना नेताओं ने समर्थन किया है। भाजपा विधायक राम कदम और शिवसेना नेता शायना एनसी ने राहुल गांधी की राजनीतिक कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि राजनीति में सफलता हासिल करने के लिए जनता के बीच रहना और लगातार काम करना जरूरी है। नेताओं ने राहुल गांधी पर विदेश यात्राओं के दौरान भारत की छवि खराब करने का प्रयास करने का भी आरोप लगाया।

भाजपा विधायक राम कदम ने कहा कि किरेन रिजिजू ने राहुल गांधी को जो सलाह दी है, वह बिल्कुल सही है। राहुल गांधी जिस तरह से राजनीति कर रहे हैं और सफलता हासिल करने का प्रयास कर रहे हैं, वह उचित नहीं है। देश ने देखा है कि राहुल गांधी अब तक गंभीरता के साथ राजनीति करते हुए नजर नहीं आए हैं। वे विदेश जाकर देश की छवि धूमिल करने का प्रयास करते हैं।

वहीं, राम कदम ने केंद्र सरकार के अग्निवीरों की सेवा अवधि बढ़ाने के फैसले का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि देश की सेवा कर रहे बहादुर अग्निवीरों की सेवा अवधि बढ़ाना मोदी सरकार का सराहनीय कदम है। यह फैसला अग्निवीरों की कड़ी मेहनत और देशभक्ति को सरकार की ओर से दी गई मान्यता है। उन्होंने कहा कि जब केंद्र सरकार ने पहली बार अग्निवीर योजना शुरू की थी, तब पूरे विपक्ष ने इसकी आलोचना की थी। इसके बावजूद सरकार ने देश की सुरक्षा और युवाओं के हित में यह योजना लागू की।

राहुल गांधी की ओर से नशे के मुद्दे पर की गई टिप्पणी को लेकर राम कदम ने कहा कि उन्हें इस विषय में ज्यादा जानकारी नहीं है। इस मामले में जो लोग शामिल हैं, वे बेहतर जानते होंगे। हालांकि, उन्होंने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर निशाना साधते हुए कहा कि पूरा देश उस घटना को देख चुका है, जिसमें भगवंत मान पर विमान में शराब पीने का आरोप लगा था।

उधर, शिवसेना नेता शायना एनसी ने भी किरेन रिजिजू की सलाह का समर्थन किया। उन्होंने राहुल गांधी को 'पर्यटक सांसद' बताते हुए कहा कि वे अक्सर विदेश यात्राओं और छुट्टियों पर रहते हैं तथा केवल चुनाव के समय भारत में दिखाई देते हैं। उन्होंने कहा कि राजनीति इस तरह नहीं की जा सकती। आज की राजनीति प्रदर्शन और काम के आधार पर होती है। एक जनप्रतिनिधि को 24 घंटे जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं का समाधान करना चाहिए और उनकी सेवा करनी चाहिए।

पंजाब में नशे के मुद्दे पर शायना एनसी ने कहा कि पंजाब को नशामुक्त बनाना बेहद जरूरी है, ताकि वहां के युवा नशे की लत का शिकार न हों। उन्होंने कहा कि केवल बयान देने से समस्या का समाधान नहीं होगा। इसके लिए स्पष्ट विजन और ठोस योजना की जरूरत है। यदि किसी के पास नशे और शराब के सेवन को कम करने की ठोस रणनीति नहीं है, तो वह प्रभावी नेतृत्व कैसे प्रदान कर सकता है?

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story