डीडीसीए ने टी20 ट्रॉफी के लिए दिल्ली महिला अंडर-23 टीम का किया ऐलान, शिवी शर्मा बनीं कप्तान

डीडीसीए ने टी20 ट्रॉफी के लिए दिल्ली महिला अंडर-23 टीम का किया ऐलान, शिवी शर्मा बनीं कप्तान
दिल्ली एंड डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन (डीडीसीए) ने टी20 ट्रॉफी 2026–27 के लिए दिल्ली महिला अंडर-23 टीम की घोषणा कर दी है। शिवी शर्मा को इस टीम की कप्तानी सौंपी गई है।

नई दिल्ली, 5 नवंबर (आईएएनएस)। दिल्ली एंड डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन (डीडीसीए) ने टी20 ट्रॉफी 2026–27 के लिए दिल्ली महिला अंडर-23 टीम की घोषणा कर दी है। शिवी शर्मा को इस टीम की कप्तानी सौंपी गई है।

डीडीसीए ने 14 नवंबर से हरियाणा में शुरू होने वाले इस टूर्नामेंट के लिए 16 खिलाड़ियों की टीम का ऐलान किया है। टीम की कमान शिवी संभालेंगी, जबकि परुनिका सिसोदिया को उप-कप्तान की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस टीम में उभरती हुई प्रतिभाओं का अच्छा मिश्रण है और सभी खिलाड़ी टूर्नामेंट में राज्य की टीम का प्रतिनिधित्व करने के लिए तैयार हैं। बुधवार को डीडीसीए की सीनियर महिला चयन समिति की बैठक के बाद इस टीम को अंतिम रूप दिया गया। बैठक में रीमा मल्होत्रा ​​(चेयरपर्सन), स्वर्ण चड्ढा (चयनकर्ता), रानी ओझा (चयनकर्ता), अंजलि शर्मा (सदस्य, सीएसी–डीडीसीए), लतिका कुमारी (मुख्य कोच) और अशोक शर्मा (सचिव) शामिल रहे।

शिवी राज्य की टीम का प्रतिनिधित्व करना जारी रखेंगी। उन्हें सीनियर महिला टी20 ट्रॉफी के लिए भी दिल्ली की टीम में शामिल किया गया है, जहां सोनी यादव टीम की कप्तानी करेंगी और श्वेता सहरावत उनकी डिप्टी (उप-कप्तान) होंगी। शिवी सितंबर की शुरुआत में खत्म हुई महिला दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) में नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स का हिस्सा थीं। उनकी टीम ने अरुण जेटली स्टेडियम में साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स को हराकर डीपीएल का खिताब जीता था। महिला डीपीएल में शिवी ने 42.20 की औसत से 211 रन बनाए, जिसमें इस सीजन की दो अर्धशतकीय पारियां भी शामिल थीं।

बाएं हाथ की स्पिनर परुनिका महिला डीपीएल 2026 की नीलामी की सबसे महंगी खिलाड़ी थीं। उन्हें ईस्ट दिल्ली राइडर्स ने 14 लाख रुपये में अपनी टीम में शामिल किया था। हालांकि, हाल में संपन्न डीपीएल सीजन उनकी टीम के लिए निराशाजनक रहा। ईस्ट दिल्ली राइडर्स अंक तालिका में सबसे निचले स्थान पर रही। टीम ने छह मैच खेले, जिनमें उसे केवल एक जीत मिली, जबकि पांच मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा।

दिल्ली महिला अंडर-23 टीम: शिवि शर्मा (कप्तान), परुनिका सिसौदिया (उपकप्तान), मेधावी बिधूड़ी, रिया शौकीन (विकेटकीपर), तनिष्का सिंह (विकेटकीपर), अंजलि वत्स, रेशिका बेनीवाल, मोनिका, अरमीत कौर, रिया कोंडल, कनिका माथुर, रिया सोनी, अपेक्षा आनंद, मानशी गर्ग, गोयिंका शर्मा और इशिका गौतम।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story