चावड़ी बाजार हादसे के बाद युद्धस्तर पर जारी है बचाव अभियान, सीएम रेखा गुप्ता खुद कर रहीं मॉनिटरिंग

चावड़ी बाजार हादसे के बाद युद्धस्तर पर जारी है बचाव अभियान, सीएम रेखा गुप्ता खुद कर रहीं मॉनिटरिंग
दिल्ली के चावड़ी बाजार इलाके में तीन मंजिला निर्माणाधीन इमारत ढहने की घटना के बाद राहत और बचाव अभियान युद्धस्तर पर जारी है। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को कहा कि मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। इस हादसे में अब तक दो लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि एक घायल व्यक्ति को मलबे से बाहर निकाल लिया गया है।

नई दिल्ली, 5 नवंबर (आईएएनएस)। दिल्ली के चावड़ी बाजार इलाके में तीन मंजिला निर्माणाधीन इमारत ढहने की घटना के बाद राहत और बचाव अभियान युद्धस्तर पर जारी है। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को कहा कि मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। इस हादसे में अब तक दो लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि एक घायल व्यक्ति को मलबे से बाहर निकाल लिया गया है।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि पुरानी दिल्ली के चावड़ी बाजार में निर्माणाधीन इमारत ढहने की दुखद घटना के बाद युद्धस्तर पर राहत और बचाव अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि दिल्ली अग्निशमन सेवा, दिल्ली पुलिस, दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए), एमसीडी, कैट्स और एनडीआरएफ की टीमों को तत्काल घटनास्थल पर तैनात किया गया है। मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने और घायलों को जल्द से जल्द चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।

इस घटना पर चांदनी चौक से भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि उन्हें चावड़ी बाजार में इमारत ढहने की जानकारी मिली है और वह घटनास्थल के लिए रवाना हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि संबंधित सभी विभागों ने तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी है और राहत अभियान जारी है। घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने के बाद वह आगे की जानकारी देंगे।

वहीं, भाजपा सांसद कमलजीत सहरावत ने इस घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों के प्रति उनकी संवेदनाएं हैं। यदि इस मामले में किसी तरह की लापरवाही सामने आती है या कोई जिम्मेदार पाया जाता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। अधिकारियों के मुताबिक, मलबे में अभी भी कई लोगों के दबे होने की आशंका है। गुरुवार सुबह 9:50 बजे चावड़ी बाजार मेट्रो स्टेशन के पास गली सितारा से इमारत ढहने की सूचना मिली थी। इसके बाद छह दमकल गाड़ियों सहित पानी के टैंकर और अन्य बचाव वाहनों को घटनास्थल पर भेजा गया।

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, चावड़ी बाजार में जिस इमारत में निर्माण कार्य चल रहा था, वह अवैध थी और असुरक्षित घोषित की गई थीं। सेंट्रल जिले के डीसीपी रोहित राजबीर सिंह ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि इमारत की तीसरी मंजिल पर छत डालने का काम चल रहा था। इसी दौरान इमारत ढहने लगी। उस समय वहां कुछ मजदूर काम कर रहे थे और ठेकेदार भी मौजूद था।

उन्होंने बताया कि इमारत गिरने के दौरान मजदूरों को वहां से हटाया जाने लगा, लेकिन इसी प्रक्रिया में कुछ मजदूर मलबे में फंस गए। अब तक तीन लोगों की पहचान की गई है। तीन लोगों को मलबे से बाहर निकाला गया है। अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार, दो लोगों की मौत हो गई है, जबकि एक घायल है और उसकी हालत खतरे से बाहर है।

डीसीपी ने कहा कि निर्माण कार्य अवैध था और इस संबंध में नगर निगम के अधिकारियों को पहले ही सूचित किया जा चुका था। मलबे में अन्य लोगों के फंसे होने की आशंका को देखते हुए तलाशी और बचाव अभियान जारी है। उन्होंने बताया कि इमारत ढहने के कारण आसपास की इमारतों में भी दरारें आ गई हैं। सुरक्षा के मद्देनजर उन इमारतों को खाली कराया जा रहा है। इस संबंध में एमसीडी को सूचित कर दिया गया है और निगम की ओर से आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

डीसीपी ने आगे कहा कि इमारत के मालिकों और ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा रही है और पुलिस को उनकी पहचान संबंधी जानकारी मिल गई है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story