एनडीए नेताओं की राहुल गांधी से रैली टालने की मांग, बोले-'व्यापारियों को हो सकता है 10 हजार करोड़ का नुकसान'

पटना, 25 अक्टूबर (आईएएनएस)। बिहार में एनडीए के नेताओं ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में प्रस्तावित रैली को टालने की मांग की। उन्होंने कहा कि इससे किसी को फायदा नहीं होगा बल्कि नुकसान ही होने वाला है, इसीलिए इसको टाल देना चाहिए।
बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (सीटीआई) ने भी राहुल गांधी से रैली स्थगित करने का अनुरोध किया है। यह मांग दिल्ली के हजारों व्यापारियों, दुकानदारों और रेहड़ी-पटरी वालों के हितों को ध्यान में रखते हुए की गई है।
संजय सरावगी ने कहा कि दिवाली, धनतेरस और छठ जैसे प्रमुख त्योहारों के दौरान व्यापारियों को कारोबार से काफी उम्मीदें रहती हैं। सालभर के खर्चों की भरपाई और आजीविका चलाने के लिए यह समय उनके लिए बेहद महत्वपूर्ण होता है। इस दौरान देशभर से लोग खरीदारी करने दिल्ली पहुंचते हैं। ऐसे में रैली आयोजित होने से व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित हो सकती हैं और कारोबारियों को नुकसान उठाना पड़ सकता है।
उन्होंने कहा कि रैलियां जनता के हितों को ध्यान में रखकर आयोजित की जाती हैं लेकिन कांग्रेस की प्रस्तावित रैली से व्यापारियों को नुकसान होने की आशंका है। इस रैली से कोई विशेष लाभ नहीं होने वाला है जबकि व्यापारियों को करीब 10 हजार करोड़ रुपये तक का नुकसान हो सकता है। इसलिए कांग्रेस को जल्द से जल्द रैली स्थगित करने का फैसला लेना चाहिए।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस ने एक नवंबर की तारीख जानबूझकर चुनी है, जबकि इसी दिन वर्ष 1984 में सिख समुदाय के खिलाफ हिंसा हुई थी। उन्होंने कहा कि उस दौर में दिल्ली सहित देश के कई हिस्सों में हजारों सिखों की हत्या हुई थी। ऐसे दिन रामलीला मैदान में रैली आयोजित करना कांग्रेस की मानसिकता को दर्शाता है।
वहीं, जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने भी कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अपने अतीत की गलतियों के लिए प्रायश्चित करना चाहिए और देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस चुनाव आयोग (सीईसी) को लेकर लगातार सवाल उठा रही है लेकिन इससे पार्टी को कोई राजनीतिक लाभ मिलने वाला नहीं है।
राजीव रंजन प्रसाद ने कहा कि राहुल गांधी की उदासीनता के कारण कांग्रेस परेशान है और जनता भी पार्टी को नकार रही है। यदि कांग्रेस अपना खोया हुआ जनाधार वापस पाना चाहती है, तो उसे अनावश्यक मुद्दों पर शोर मचाने के बजाय अपनी गलतियों को सुधारने और जनता का विश्वास जीतने पर ध्यान देना चाहिए।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
