फाइटर पायलट बनीं मीनाक्षी तक्षक, गांव में भव्य सम्मान, पूरे परिवार ने बढ़ाया देश का मान

फाइटर पायलट बनीं मीनाक्षी तक्षक, गांव में भव्य सम्मान, पूरे परिवार ने बढ़ाया देश का मान
हरियाणा के चरखी दादरी जिले के भगवी गांव की बेटी फ्लाइंग ऑफिसर मीनाक्षी तक्षक ने भारतीय वायु सेना में फाइटर पायलट बनकर इतिहास रच दिया है।

चरखी दादरी, 14 जून (आईएएनएस)। हरियाणा के चरखी दादरी जिले के भगवी गांव की बेटी फ्लाइंग ऑफिसर मीनाक्षी तक्षक ने भारतीय वायु सेना में फाइटर पायलट बनकर इतिहास रच दिया है।

एनडीए के माध्यम से चयनित होकर इस महत्वपूर्ण उपलब्धि को हासिल करने वाली मीनाक्षी का उनके पैतृक गांव में भव्य स्वागत और सम्मान किया गया। उनकी सफलता से पूरे गांव में खुशी और गर्व का माहौल है।

मीनाक्षी की इस उपलब्धि के पीछे उनके मजबूत सैन्य पारिवारिक पृष्ठभूमि को भी एक बड़ा कारण माना जा रहा है। उनके पिता सूबेदार मेजर रविंद्र तक्षक भारतीय सेना से जुड़े रहे, जबकि उनके भाई भी सशस्त्र बलों में सेवा दे रहे हैं।

इस अवसर पर सूबेदार मेजर रविंद्र तक्षक ने कहा, "मेरी बेटी ने अपनी मेहनत और भगवान की कृपा से यह उपलब्धि हासिल की है। आज का दिन मेरे लिए बेहद खुशी का दिन है। मैं खुद आर्मी में हूं, इसलिए मेरे बच्चों को शुरू से ही सेना के वातावरण और अनुशासन की जानकारी रही है। मेरा दूसरा बेटा भी सेना में कैप्टन है और इंजीनियर रेजीमेंट में कार्यरत है। उसे भी एनडीए के माध्यम से ही प्रवेश मिला था।"

गांव के एक स्थानीय निवासी ने भी मीनाक्षी की सफलता पर गर्व जताया। उन्होंने कहा, "हमारे गांव की बेटी मीनाक्षी ने पहले ही प्रयास में परीक्षा पास कर फाइटर पायलट बनने का सपना पूरा किया। इस उपलब्धि से पूरा गांव खुश है। हम मीनाक्षी को बधाई देते हैं कि उन्होंने कड़ी मेहनत से यह मुकाम हासिल किया। इससे पहले उनके भाई ने भी सफलता प्राप्त की थी। लगभग पूरा परिवार ही सेना से जुड़ा हुआ है। दोनों बच्चों ने गांव के साथ-साथ पूरे देश का नाम रोशन किया है।"

मीनाक्षी तक्षक की यह सफलता न केवल उनके परिवार के लिए बल्कि पूरे क्षेत्र की बेटियों के लिए भी प्रेरणा बन गई है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   14 Jun 2026 7:51 PM IST

Tags

Next Story